मुख्य सचिव ने विडियो कांफ्रेंसिंग जिलाधिकारी के साथ की बैठक


रोहतास। मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के सभी जिलों के जिला पदाधिकारियों ने भाग लिया। रोहतास से जिला पदाधिकारी श्री दीपक कुमार मिश्रा तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना, वेजफेड, राशन कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उक्त विभागों के प्रधान सचिव एवं सचिवों ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से योजनाओं की वर्तमान स्थिति और उपलब्धियों की जानकारी दी। मुख्य सचिव ने विभागवार समीक्षा करते हुए योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के उपरांत जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों, बैंकों, विद्युत वितरण कंपनी एवं अधिकृत एजेंसियों को समन्वित प्रयास करते हुए लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन, संस्थापन कार्य में तेजी, आवश्यक सामग्री की उपलब्धता तथा बैंक स्तर पर लंबित ऋण आवेदनों का नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

साथ ही, पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए जन-जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार अभियान को और सुदृढ़ करने का निर्देश दिया गया है। जिले में आयोजित सोलर मेला के माध्यम से भी आमजनों को योजना के लाभ, आवेदन प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा अन्य सभी विभागीय अधिकारियों को प्रतिदिन योजनाओं की समीक्षा कर राज्य सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट