अवैध मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन, दो गिरफ्तार
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 19, 2026
- 2 views
हथियार बनाने के भारी मात्रा में सामान बरामद
रोहतास ।जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र के डिहरा गांव में पुलिस ने अवैध मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यहां कई वर्षों से अवैध रूप से हथियार बनाने का काम किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, अर्द्धनिर्मित हथियार एवं अन्य सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस को बुधवार सुबह करीब 9 बजे सूचना मिली थी कि डिहरा गांव निवासी नागेन्द्र शर्मा उर्फ नन्हक शर्मा, पिता स्व. हरिहर शर्मा, अपने घर में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का संचालन कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1, सासाराम के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम में शिवसागर थानाध्यक्ष के साथ जिला आसूचना इकाई और एसटीएफ रोहतास की टीम को भी शामिल किया गया।
पुलिस टीम को देखकर एक व्यक्ति भागा
गठित टीम ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर डिहरा गांव में छापेमारी शुरू की। पुलिस के पहुंचते ही एक व्यक्ति मौके से नजर बचाकर भागने लगा, जबकि एक व्यक्ति को मिनी गन फैक्ट्री में आग्नेयास्त्र निर्माण करते हुए पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने अपना नाम नागेन्द्र शर्मा उर्फ नन्हक शर्मा, पिता स्व. हरिहर शर्मा, ग्राम डिहरा, थाना शिवसागर, जिला रोहतास बताया। पुलिस के अनुसार नागेन्द्र शर्मा ने पूछताछ में अवैध मिनी गन फैक्ट्री चलाने की बात स्वीकार की और बताया कि वह पूर्व में हथियार बनाकर एमसीसी को सप्लाई करता था तथा वर्तमान में मांग के आधार पर धनंजय पासवान, पिता बोधन पासवान, ग्राम रामपुरजोरी, थाना शिवसागर के माध्यम से हथियार बेचता था।
घर से हथियार बनाने का सामान बरामद
पुलिस ने नागेन्द्र शर्मा के कच्चे मकान से मशीन से अर्द्धनिर्मित कट्टा, देशी पिस्तौल, हथियारों के बैरल, बट, पिन, ट्रिगर, पिस्टल ग्रिप, लोहे के विभिन्न उपकरण, रॉड, रेती, ड्रिल मशीन, गैस सिलेंडर सहित हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की।
बरामद सामान में अर्द्धनिर्मित देशी कट्टे एवं राइफल के हिस्से, पिस्टल का मैगजीन, हथियार बनाने के औजार, लोहे के छोटे-बड़े पाइप, स्प्रिंग, पेचकस, आरी, हथौड़ा, छैनी, प्लास, तार तथा अन्य उपकरण शामिल हैं। पुलिस ने मौके से एक पुराना मोबाइल फोन भी बरामद किया।
दूसरे आरोपित के घर से भी देशी कट्टा बरामद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार नागेन्द्र शर्मा की निशानदेही पर धनंजय कुमार पासवान, उम्र करीब 45 वर्ष, पिता बोधन पासवान, ग्राम रामपुरजोरी, थाना शिवसागर के घर से भी एक देशी कट्टा बरामद किया गया। इसके बाद दोनों आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि नागेन्द्र शर्मा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ शिवसागर थाना में वर्ष 2015, 2020 और 2006 से संबंधित आर्म्स एक्ट एवं अन्य धाराओं के मामले दर्ज होने की जानकारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है। धनंजय कुमार पासवान के आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन किया जा रहा है।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में शिवसागर थाना कांड संख्या 275/26, दिनांक 19 अगस्त 2026, धारा 25(1-बी)/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध मिनी गन फैक्ट्री से किन-किन लोगों को हथियारों की आपूर्ति की जाती थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
रोहतास पुलिस ने कार्रवाई में शामिल पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के कार्य की सराहना की है। छापेमारी टीम में पुलिस निरीक्षक सह शिवसागर थानाध्यक्ष रितेश कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी सतिश कुमार सिंह, विनोद कुमार यादव, चन्द्रहास कुमार, सीरज कुमार, एसटीएफ के सिंधु शरण सिंह सहित शिवसागर थाना के अन्य सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध हथियार निर्माण एवं कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार निर्माण और सप्लाई के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्टर