हर खेत तक लगातार पानी पहुंचाने हेतु विधायक ने सिंचाई विभाग के पदाधिकारियो के साथ कि बैठक दिया आवश्यक दिशा-निर्देश

अंतिम टेल तक पानी पहुंचाने, नहरों की सफाई और क्षतिग्रस्त तटबंधों की मरम्मत पर दिए गए आवश्यक निर्देश

संवाददाता पिंटु कुमार तिवारी की रिपोर्ट 

दुर्गावती(कैमूर)------ किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी लगातार और सुचारू रूप से पहुंचता रहे, इसे लेकर गुरुवार को रामगढ विधायक सतीश यादव उर्फ पिन्टू के नेतृत्व मे कर्मनाशा सिंचाई विभाग के आईबी में विभागीय अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता, मैकेनिकल एवं सिविल के कार्यपालक अभियंता, सभी एसडीओ तथा जेई मौजूद रहे। अधिकारियों को नहरों एवं वितरणियों की लगातार निगरानी करने और अंतिम टेल तक पानी पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में लरमा पंप कैनाल की मुख्य नहर तथा कुल्हड़िया माइनर की अंतिम टेल की ओर सफाई कार्य तेजी से पूरा कराने का निर्देश दिया गया। इसके लिए दो जेसीबी लगाकर एक साथ सफाई कराने को कहा गया है। फिलहाल एक जेसीबी से सफाई कार्य चल रहा है।

ककरैत पंप कैनाल की मुख्य नहर एवं सभी वितरणियों में अंतिम टेल की ओर जहां भी थोड़ी-बहुत सफाई बाकी है, उसे शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया गया। विशेष रूप से नंबर दो वितरणी में डुमरी नर्सरी से दुर्गावती-ककरैत पथ तक सफाई कराने को कहा गया। वहीं कर्मनाशा मुख्य नहर में पिपरी पुल से जीटी रोड तक सफाई कराने का निर्देश दिया गया।

ढड़हर पंप कैनाल के पास करीब 160 मीटर हिस्से में बरसात के दौरान नहर के बैंक की मिट्टी सड़क पर आ जाने से कान्हपुर के लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। इसे देखते हुए उक्त स्थान पर पिचिंग कराने का निर्देश दिया गया, ताकि मिट्टी का कटाव रोककर सड़क पर मिट्टी आने से बचाया जा सके।

बैठक में उत्तर प्रदेश के बेन हेड से कर्मनाशा मुख्य नहर में आने वाले पानी की लगातार निगरानी करने को कहा गया। साथ ही मुसाखाड़ बांध के दो सुलीस फाटकों में से खराब पड़े एक फाटक को दुरुस्त कराने के लिए उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग से समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया।

अधिकारियों को ढड़हर, लरमा, विश्वकर्मा ककरैत, तियरा, जैतपुर एवं बहुआरा पंप कैनाल की सभी नहरों और वितरणियों का लगातार निरीक्षण करते रहने को कहा गया। इसके अलावा गारा चौबे नहर एवं करहगर राजबाहा से किसानों को सुचारू रूप से पानी मिलता रहे, इसके लिए भी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में जमानिया गंगा जल उद्भव योजना की प्रगति की समीक्षा की गई और कार्य में और तेजी लाने का निर्देश दिया गया। वहीं ककरैत पंप कैनाल की मुख्य नहर एवं वितरणियों के आरसीसी कार्य के लिए डीपीआर तैयार करने को कहा गया।

अधिकारियों ने बताया कि कर्मनाशा मुख्य नहर के करीब 92 करोड़ रुपये की पक्कीकरण योजना के संवेदक के डिबार होने के बाद विभाग को फोरक्लोजर रिपोर्ट भेज दी गई है। बैठक में जल्द से जल्द फोरक्लोजर एग्रीमेंट पूरा कर नए सिरे से डीपीआर तैयार कराने और री-टेंडर की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया, ताकि शेष करीब 38 करोड़ रुपये की राशि से बचे हुए पक्कीकरण कार्य को पूरा कराया जा सके। किसानों को सिंचाई के लिए समय पर पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना बैठक का प्रमुख उद्देश्य रहा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट