भूमि विवाद मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी ने की समीक्षा बैठक, दिए निर्देश

ब्यूरो चीफ संदिप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर:-- अनुमंडल पदाधिकारी, भभुआ की अध्यक्षता में अनुमंडल सभागार में भूमि विवाद से संबंधित मामलों के त्वरित एवं शांतिपूर्ण समाधान के लिए समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भूमि सुधार उप समाहर्ता भभुआ, अनुमंडल क्षेत्र के सभी अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी तथा संबंधित थाना प्रभारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने क्षेत्र में लंबित भूमि विवादों की पंचायतवार समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शनिवार को थाना स्तर पर आयोजित होने वाली जनता दरबार की बैठकों को प्रभावी बनाएं ताकि छोटे विवादों का स्थानीय स्तर पर ही स्थायी समाधान हो सके। थाना स्तर पर आयोजित साप्ताहिक भूमि विवाद बैठक में अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वर्षों से लंबित गैर-मजरूआ, सीमांकन एवं पारिवारिक भूमि बंटवारे से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने पर जोर दिया गया। संवेदनशील मामलों में धारा 107/144 के तहत समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए ताकि विधि-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े। राजस्व कर्मचारियों को मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन निष्पक्ष रूप से करने का कड़ा आदेश दिया गया। भूमि विवाद ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि दोनों पक्षों की सुनवाई कर नियमानुसार, पारदर्शी और त्वरित समाधान निकाला जाए।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट