कैमूर के नगर पंचायत हाटा बाजार में जाम से कब मिलेगा निजात
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Aug 24, 2026
- 1 views
संवाददाता सिंगासन सिंह यादव
भभुआं(कैमूर)------ अनुमंडल क्षेत्र के नगर पंचायत हाटा बाजार में जाम की समस्या लोगों के लिए नासूर बनती जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बाजार में यह समस्या पिछले दस वर्षों से भी अधिक समय से बनी हुई है। सड़क काफी चौड़ी होने के बावजूद अतिक्रमण और बेतरतीब तरीके से लगने वाली दुकानों के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
बाजार में कई जगह दुकानों के आगे लोहे के पिलर लगाए गए हैं, वहीं सड़क के किनारे फल और सब्जी के ठेले भी खड़े कर दिए जाते हैं। इसके अलावा वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग से स्थिति और गंभीर हो जाती है। पीक आवर में जाम इतना बढ़ जाता है कि लोगों को कुछ ही दूरी तय करने में काफी समय लग जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम की समस्या के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों और राहगीरों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। कई बार एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहनों को भी रास्ता मिलने में दिक्कत होती है।
नगर पंचायत की ओर से समय-समय पर बुलडोजर चलाकर सड़क किनारे के अतिक्रमण को हटाया गया है। लेकिन कार्रवाई के कुछ ही समय बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है और सड़क पर जाम लगना शुरू हो जाता है।
अब सवाल यह है कि आखिर हाटा बाजार के लोगों को इस रोज-रोज की जाम की समस्या से स्थायी निजात कब मिलेगी? स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ नियमित निगरानी और पार्किंग की उचित व्यवस्था करे, ताकि बाजार की सड़क पर आवागमन सुचारु हो सके और लोगों को वर्षों पुरानी इस समस्या से स्थायी राहत मिल सके।


रिपोर्टर