डीएम ने अभियान बसेरा के संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित किए
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 21, 2026
- 2 views
रोहतास। सोमवार को समाहरणालय, रोहतास स्थित डीआरडीए सभागार में जिलाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्रा द्वारा अभियान बसेरा के संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिलाधिकारी ने अभियान बसेरा के तहत पात्र भूमिहीन परिवारों को वासभूमि का अधिकार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया एवं आवेदन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
जिलाधिकारी ने जिले के पात्र वासभूमिहीन परिवारों से अपील की कि वे बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा संचालित अभियान बसेरा के तहत अपने वासभूमि के अधिकार के लिए संबंधित अंचल कार्यालय में आवेदन जमा करें। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र वासभूमिहीन परिवार वासभूमि के अधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग के पात्र भूमिहीन परिवार निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ परिवार के सभी सदस्यों का विवरण एवं मोबाइल नंबर, आधार की स्व-अभिप्रमाणित प्रतियां, जाति प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड/मतदाता पहचान-पत्र/निवास प्रमाण-पत्र, परिवार का सामूहिक फोटो तथा निर्धारित प्रारूप में शपथ-पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना होगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि आवेदन संबंधित अंचल कार्यालय में ही जमा करना है। इसके लिए पटना स्थित राज्य मुख्यालय जाने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी व्यक्ति या संस्था के बहकावे में आकर पटना मुख्यालय न जाएं। यदि किसी व्यक्ति अथवा संस्था द्वारा लोगों को दिग्भ्रमित कर जिलों से पटना मुख्यालय लाने का प्रयास किया जाता है, तो ऐसे लोगों को चिह्नित कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान बसेरा के अंतर्गत अब तक 92 हजार से अधिक परिवारों को वासभूमि उपलब्ध कराई जा चुकी है। उन्होंने पात्र भूमिहीन परिवारों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन जमा कर सरकार की इस पहल का लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि वास का अधिकार सम्मान का आधार और सशक्त परिवार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। शिकायत एवं सुझाव के लिए बिहार भूमि पोर्टल पर https://biharbhumi.bihar.gov.in/ उपलब्ध जन शिकायत व्यवस्था का उपयोग किया जा सकता है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उप विकास आयुक्त रोहतास आकांक्षा आनंद, अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी ललित भूषण रंजन, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी आशीष रंजन, विशेष कार्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


रिपोर्टर