अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो की मौत, पांच घायल
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Sep 21, 2026
- 2 views
संवाददाता पिंटु कुमार तिवारी की रिपोर्ट
दुर्गावती(कैमूर)----- थाना क्षेत्र में अलग-अलग हुई दो सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. पहली घटना कल्याणपुर गांव के पास हुई, जहां स्कूटी के कुत्ते से टकराने के बाद एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं दूसरी घटना कर्मनाशा पावर ग्रिड के पास एनएच-19 पर हुई, जहां गुजरात से शव लेकर झारखंड जा रही एक एंबुलेंस की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए.
पहली घटना दुर्गावती थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव के पास की है. बताया जा रहा है कि स्कूटी सवार दो युवक सड़क से गुजर रहे थे. इसी दौरान अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया और स्कूटी उससे टकरा गई. हादसा इतना जबरदस्त था कि स्कूटी सवार राकेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी रजत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया.
मृतक की पहचान बिछिया गांव निवासी वीरेंद्र गुप्ता के 30 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है. वहीं घायल रजत कुमार, रामलाल गुप्ता के 24 वर्षीय पुत्र बताए जाते हैं। दोनों दुर्गावती थाना क्षेत्र के बिछिया गांव के रहने वाले हैं.
वहीं दूसरी दुर्घटना कर्मनाशा पावर ग्रिड के पास एनएच-19 पर हुई. जानकारी के अनुसार गुजरात से शव लेकर झारखंड जा रही एक एंबुलेंस की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए. हादसे में एंबुलेंस में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
दुर्घटना की सूचना मिलते ही दुर्गावती पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गावती पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया.
वहीं दोनों मृतकों के शवों को पुलिस कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई मे जुट गई है.


रिपोर्टर