डीएम की उपस्थिति में लाइव प्रसारण कर उघोग विभाग की दी गई जानकारी
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 09, 2026
- 15 views
रोहतास।जिला उद्योग केंद्र,रोहतास में एमएसएमई केंद्र का हुआ शुभारंभ
एमएसएमई नीति-2026 से राज्य में एक करोड़ से अधिक रोजगार सृजन का लक्ष्य। स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल।
राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने एवं स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा बिहार के सभी जिलों में एमएसएमई केंद्र का पटना से उद्घाटन किया गया। इसी क्रम में जिला उद्योग केंद्र,रोहतास में भी एमएसएमई केंद्र का औपचारिक शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में रोहतास जिले से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला पदाधिकारी,दीपक कुमार मिश्र एवं महाप्रबंधक,जिला उद्योग केंद्र, रोहतास,आशीष रंजन शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 में योजना के तहत राज्य के कुल 4,800 चयनित लाभार्थियों को 2 लाख की दर से प्रथम किश्त प्रदान की जा रही है, जिसमें रोहतास जिले के 218 लाभुक शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार एमएसएमई नीति-2026 का उद्देश्य राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देते हुए एक करोड़ से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित करना है। कार्यक्रम के दौरान ‘मुख्यमंत्री द्वारा क्लस्टर विकास योजना-2026’ का भी लोकार्पण किया गया। इसके माध्यम से ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्लस्टर’ एवं ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ की अवधारणा को बढ़ावा दिया जायेगा। कार्यक्रम के उपरांत जिला पदाधिकारी ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा जारी बिहार एमएसएमई नीति-2026 का मुख्य उद्देश्य अगले पाँच वर्षों में एक करोड़ एमएसएमई इकाइयों का पंजीकरण तथा एक करोड़ से अधिक नये रोजगार के अवसरों का सृजन करना है। उन्होंने कहा कि रोहतास सहित राज्य के सभी जिलों में एमएसएमई केंद्रों की स्थापना से नये तथा संभावित उद्यमियों को सरकारी योजनाओं, बैंक ऋण,उद्यम पंजीकरण एवं अन्य औद्योगिक सुविधाओं की जानकारी और सहायता स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि एमएसएमई केंद्र जिले में स्वरोजगार को बढ़ावा देने,स्थानीय संसाधनों के मूल्य संवर्धन,नये उद्यमों की स्थापना तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे जिले में उद्यमिता के अनुकूल वातावरण को और मजबूत करने तथा अधिक से अधिक लोगों को औद्योगिक गतिविधियों से जोड़ने में सहायता मिलेगी। जिला उद्योग केंद्र, रोहतास में स्थापित एमएसएमई केंद्र के माध्यम से वर्तमान एवं संभावित उद्यमियों को सरकारी योजनाओं,बैंक ऋण, उद्यम पंजीकरण तथा अन्य औद्योगिक सुविधाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा सकेगा। यह जिले में औद्योगिक विकास एवं स्थानीय उद्यमिता को नयी गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।


रिपोर्टर