दशहरा पर्व को लेकर थाना परिसर में हुई शांति की बैठक, दिए गए विभिन्न दिशानिर्देश
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Oct 12, 2026
- 4 views
डीजे बजाने वाले व अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
अखिल भारतीय समाचार टीम
कैमूर---- जिले के कुदरा थाना परिसर में दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचल अधिकारी विवेक कुमार ने की। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने पूजा समिति के सदस्यों एवं आम लोगों के साथ पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर चर्चा की।
बैठक में अंचल अधिकारी विवेक कुमार, अंचल पुलिस निरीक्षक मोहनियां सुनील कुमार निर्झर और कुदरा थानाध्यक्ष प्रियदर्शी ने स्पष्ट रूप से कहा कि दशहरा पर्व के दौरान किसी भी परिस्थिति में डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने पूजा समिति के सदस्यों से अपील की कि सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगाएं और अपने-अपने सदस्यों को शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिम्मेदारी सौंपें। अधिकारियों ने यह भी बताया कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल और दंडाधिकारियों की विभिन्न स्थानों पर तैनाती की जाएगी।
बैठक में नगर पंचायत के सभापति सुरेंद्र कुमार पाल, लोक जनशक्ति पार्टी के जिला अध्यक्ष गजेंद्र प्रसाद गुप्ता, मुखिया सुदर्शन सिंह,समाज सेवक उपेंद्र तिवारी,जदयू के जिला उपाध्यक्ष पंकज कुशवाहा, राजद नेता अनिल सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, पूजा समिति के सदस्य और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
प्रशासन ने सभी लोगों से दशहरा पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।


रिपोर्टर