नवरात्र की पूर्णाहुति पर कर्मनाशा में महाभंडारा, महाप्रसाद ग्रहण करने उमड़े हजारों श्रद्धालु

छप्पन भोग अर्पित कर माता रानी की हुई महाआरती, देर रात तक चलता रहा प्रसाद वितरण

संवाददाता पिंटू कुमार तिवारी की रिपोर्ट

दुर्गावती(कैमूर)---- दशारदीय नवरात्र की पूर्णाहुति के अवसर पर कर्मनाशा बाजार में भव्य महाभंडारे का आयोजन किया गया। नौ दिनों तक चली पूजा-अर्चना, व्रत और धार्मिक अनुष्ठानों की समाप्ति के बाद माता रानी को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण शुरू हुआ। माता रानी के दर्शन और महाप्रसाद ग्रहण करने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।

महाआरती और कन्या पूजन के बाद शुरू हुआ भंडारा


महा भंडारा का शुभारंभ मुख्य यजमान और आचार्यों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना, माता रानी की महाआरती और कन्या पूजन के साथ किया गया। इसके बाद दोपहर से श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरण शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। भंडारे में श्रद्धालुओं को पूड़ी, सब्जी, हलवा सहित विभिन्न प्रकार के प्रसाद वितरित किए गए। भक्तों ने कतारबद्ध होकर श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया और माता रानी से सुख-समृद्धि की कामना की।

व्यवस्था संभालने में जुटे रहे समिति के सदस्य और ग्रामीण

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों ने व्यवस्था संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रसाद वितरण को सुचारू बनाए रखने के लिए स्वयंसेवक लगातार सक्रिय रहे। स्थानीय युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया, जिससे श्रद्धालुओं को प्रसाद ग्रहण करने में सुविधा हुई।

सामाजिक समरसता और सुख-शांति का दिया संदेश

आयोजन समिति के सदस्यों के अनुसार, नवरात्र की पूजा-अर्चना के बाद महाभंडारे का आयोजन क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना के साथ किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना भी रहा। आसपास के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने आयोजन में भाग लिया और समिति के सदस्यों तथा ग्रामीणों के सहयोग की सराहना की। महाभंडारे के दौरान पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, सेवा और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट