मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं और बच्चियों को किया जागरूक

बरसठी पुलिस ने हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी


बरसठी (जौनपुर)। महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को बरसठी थाना क्षेत्र में एंटी रोमियो टीम एवं मिशन शक्ति टीम ने जागरूकता अभियान चलाया। प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव के निर्देशन में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत टीम ने महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। साथ ही किसी भी परेशानी या आपात स्थिति में पुलिस और संबंधित विभागों की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

अभियान के दौरान टीम ने पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102 एवं 108, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। टीम ने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर महिलाएं और बच्चियां इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं। इसके साथ ही महिलाओं को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया गया। इनमें विधवा पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, नशा मुक्ति भारत अभियान तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना शामिल हैं। टीम ने महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव के निर्देशन में पुलिस टीम महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर अभियान चला रही है। पुलिस ने अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बिना किसी संकोच के पुलिस की सहायता लें। अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, अपराधों के प्रति जागरूक करने तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट