डीएम ने मूर्ति विसर्जन का निरीक्षण किए
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 21, 2026
- 3 views
रोहतास।जिला पदाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशानुसार दुर्गा पूजा प्रतिमा विसर्जन के अवसर पर जिले में शांति, सौहार्द, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ प्रबंधन तथा सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विसर्जन मार्गों एवं विभिन्न घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दिनांक 21.10.2026 को जिला पदाधिकारी, रोहतास द्वारा सासाराम स्थित दुर्गा कुंड का निरीक्षण कर प्रतिमा विसर्जन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं एवं लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला प्रशासन द्वारा विसर्जन घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसके साथ ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से घाटों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जा रही है, ताकि लोगों की आवाजाही सुव्यवस्थित रहे और भीड़ का बेहतर प्रबंधन किया जा सके। आवश्यकता के अनुसार विभिन्न विसर्जन घाटों पर कंट्रोल रूम एवं साउंड सिस्टम की व्यवस्था भी की जा रही है।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रतिमा विसर्जन के दौरान सतत निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया है। साथ ही, लोगों की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक एडवाइजरी भी जारी की गई है। जिला प्रशासन, रोहतास ने लोगों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रतिमा विसर्जन के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संयम एवं सतर्कता बनाए रखें तथा निर्धारित विसर्जन स्थलों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन करें। बच्चों को अकेला न छोड़ें तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर धक्का-मुक्की से बचें। सभी लोग आपसी सौहार्द एवं सहयोग के साथ दुर्गा पूजा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें।


रिपोर्टर