सहवाजा में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने बिखेरा जलवा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जीता दर्शकों का दिल

ब्यूरो चीफ प्रकाश कुमार की रिपोर्ट 

ओसिस स्टडी सेंटर के बच्चों ने नाटक, नृत्य और मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की प्रस्तुति से मोहा मन, प्रतिभागियों को मेडल व कप देकर किया गया सम्मानित


शिवहर /  जिले के सहवाजा स्थित पटेल दुर्गा पूजा समिति की ओर से दुर्गा पूजा के विसर्जन के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ओसिस स्टडी सेंटर, शिवहर के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा

ओसिस स्टडी सेंटर के संचालक कौशल सर के नेतृत्व में बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छोटे-छोटे बच्चों ने नाटक, नृत्य और मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों को प्रदर्शित कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मां दुर्गा के स्वरूप में सजे बच्चों की प्रस्तुति आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। बच्चों ने मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष नमन कर अपनी श्रद्धा और भक्ति भी व्यक्त की।

आज के दौर में जहां बच्चों का काफी समय मोबाइल, गेमिंग और सोशल मीडिया पर बीतता है, वहीं इन बच्चों ने अपनी रचनात्मकता, कला और प्रतिभा का मंच पर प्रदर्शन कर एक प्रेरणादायक संदेश दिया। उनकी प्रस्तुतियों ने यह साबित किया कि उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर नन्हे बच्चे भी अपनी प्रतिभा से लोगों को प्रभावित कर सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रस्तुतियों के आधार पर प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। प्रथम स्थान पर साक्षी पटेल और मेहक पटेल रहीं। द्वितीय स्थान पर ईशानी, अनुष्का, तानिया और दिव्या पटेल ने जगह बनाई। वहीं तृतीय स्थान पर आयशा, प्रियल, अलका, शिवांगी कुमारी और अंबिका रहीं।

इस अवसर पर पटेल दुर्गा पूजा समिति की ओर से ओसिस स्टडी सेंटर के शिक्षकों को शॉल देकर सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मेडल और कप प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक विशाल कुश बाबू, मुकेश, कृष्णा, विनय रंजन, नवनीत सिंह और कमलेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के समापन के बाद कोचिंग सेंटर के बच्चों और ग्रामीणों ने हर्षोल्लास के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन में भाग लिया। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट