नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा शुरू, बीईओ ने केंद्रों का किया निरीक्षण
- रामजी गुप्ता, सहायक संपादक बिहार
- Nov 28, 2026
- 23 views
रामगढ़ (कैमूर)। प्रखंड क्षेत्र में आज कक्षा 6 में नामांकन के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में शुरू हो गई है। इस महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर प्रखंड प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। रामगढ़ प्रखंड में परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए कुल दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें +2 हाई स्कूल रामगढ़ और नवभारत उच्च माध्यमिक विद्यालय, देवहलिया (रामगढ़) शामिल हैं।
सुबह से ही दोनों विद्यालयों के बाहर अभिभावकों और परीक्षार्थियों की चहल-पहल देखी गई। परीक्षा के सुचारु, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार ने दोनों परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों की स्थिति, बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा समय पालन से जुड़े पहलुओं की समीक्षा की। बीईओ ने केंद्राधीक्षकों और वीक्षकों को स्पष्ट एवं आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा नियमों का अक्षरशः पालन कराया जाए।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि दोनों ही परीक्षा केंद्रों पर पूरी सख्ती और पारदर्शिता के साथ कदाचार मुक्त परीक्षा का संचालन किया जा रहा है। परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल और अनुशासन बनाए रखने के लिए संबंधित कर्मी व प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं।


रिपोर्टर