
ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश।तीन आरोपी गिरफ्तार
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Feb 01, 2025
- 376 views
भिवंडी। शहर में बढ़ते ऑनलाइन ठगी के मामलों के बीच शांतीनगर पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह में कुल पाँच आरोपी शामिल थे, जिनमें से दो नाबालिग हैं। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से 12 मोबाइल फोन, 12 डेबिट कार्ड और 17 चेक बुक बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुल रब अब्दुल अहाद अंसारी (23), आतिक अहमद अंसारी (20) और मोहम्मद बशर जकी उल्ला अंसारी (20) के रूप में हुई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फातिमा नगर इलाके में कुछ लोग अलग-अलग नामों से बैंक खाते खोलकर ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं। ठगी से प्राप्त धनराशि को यह लोग अपने खातों में ट्रांसफर करवाकर तुरंत निकाल लेते थे। इस सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनायक गायकवाड़ के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक सुरेश चोपडे और उनकी टीम ने छापा मारा और पाँचों आरोपियों को हिरासत में लिया।पूछताछ में यह सामने आया कि आरोपियों के बैंक खातों में महाराष्ट्र, बिहार, तमिलनाडु, राजस्थान, गुजरात और कर्नाटक सहित कई राज्यों से 35 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। पुलिस ने इनके आठ बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है और आगे की जांच जारी है। गिरोह को पकड़ने में पुलिस निरीक्षक (अपराध) अतुल अडूरकर, पुलिस निरीक्षक (प्रशासन) विनोद पाटिल, सहायक पुलिस निरीक्षक सुरेश चोपडे और उनकी टीम के सदस्य रिजवान सैयद, लक्ष्मण सहारे, निलेश महाले, प्रशांत बर्वे, भूषण पाटिल, दीपक सानप, चव्हाण, राउत और महिला पुलिस कांस्टेबल आंधले ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अब आरोपियों के बाकी बैंक खातों की जांच कर रही है और ठगी की रकम बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनायक गायकवाड़ ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
रिपोर्टर