सत्ता तक सिमटी राष्ट्र की राजनीति, राष्ट्रीय हित में नहीं
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 27, 2026
- 27 views
राष्ट्रहित में कार्य नहीं, जुमलों का भंडार, राष्ट्र जा रहा है गर्त में, राष्ट्रवादियों को आगे आ करना होगा विचार
आडंबरों का भंडार,लोकतंत्र का चौथा स्तंभ धर्म, जाति, पार्टी व आर्थिक आमदनी तक सीमित
संपादकीय लेख
वर्तमान समय में राष्ट्र की राजनीति जिस दिशा में जा रही है, वह हर चिंतनशील नागरिक के लिए गहरी चिंता का विषय बन चुकी है। राजनीति अब सेवा, त्याग और राष्ट्र निर्माण का माध्यम नहीं रह गई है, बल्कि सत्ता प्राप्त करने और सत्ता को बनाए रखने का साधन मात्र बनकर रह गई है। सत्ता के लिए होड़, कुर्सी के लिए संघर्ष और वोट के लिए हर प्रकार के समझौते ने राजनीति की आत्मा को ही कुचल दिया है।
कभी राजनीति का अर्थ था राष्ट्रहित के लिए समर्पण। देश के लिए जीना और देश के लिए मर मिटना ही राजनीति का धर्म माना जाता था। स्वतंत्रता संग्राम के दिनों में नेताओं के पास न सत्ता थी, न सुख-सुविधा थी, न धन-दौलत थी, फिर भी उनके पास राष्ट्र के प्रति अटूट निष्ठा थी। वे जेल गए, लाठियाँ खाईं, फाँसी पर चढ़ गए, लेकिन राष्ट्र के स्वाभिमान से समझौता नहीं किया।
आज राजनीति का अर्थ हो गया है — जो बोलेगा अच्छा, वही जीतेगा अच्छा। घोषणाओं की बाढ़ आ गई है, वादों की झड़ी लग गई है, लेकिन धरातल पर परिणाम शून्य हैं। हर चुनाव में नए-नए जुमले गढ़े जाते हैं। गरीबी मिटाने का जुमला, रोजगार देने का जुमला, विकास का जुमला, अच्छे दिन का जुमला। जनता इन जुमलों को सुन-सुनकर थक चुकी है। सच यह है कि जुमलों से पेट नहीं भरता, जुमलों से रोजगार नहीं मिलता, जुमलों से सीमा सुरक्षित नहीं होती और जुमलों से समाज में संस्कार नहीं आते। राष्ट्र को चाहिए ठोस नीति, ईमानदार नीयत और कठोर परिश्रम।
आज की राजनीति का सबसे घातक रूप है जातिवाद की राजनीति। नेता राष्ट्र की बात नहीं करते, जाति की बात करते हैं। मंच से राष्ट्रीय हित की चर्चा नहीं होती, किसी के निजी जीवन पर प्रहार होता है। एक जाति को दूसरी जाति के विरुद्ध खड़ा कर दिया जाता है, एक समुदाय को दूसरे समुदाय से लड़ाया जाता है। जाति के नाम पर वोट माँगना, जाति के नाम पर टिकट बाँटना — क्या यही लोकतंत्र है? सामाजिक न्याय का अर्थ समाज को जोड़ना है, तोड़ना नहीं।
लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहे जाने वाला मीडिया भी आज विपरीत दिशा में चल रहा है। कभी मीडिया सत्ता से सवाल पूछता था, आज मीडिया सत्ता की प्रशंसा में लगा है। कभी पत्रकारिता मिशन थी, आज वह कमीशन बन गई है। पहले छपा हुआ अखबार बिकता था और अब बिका हुआ अखबार छपता है। खबरें अब खबरें नहीं रहीं, वे विज्ञापन बन गई हैं। जब मीडिया ही बिक जाएगा, तब जनता को सच कौन बताएगा?
लेकिन इतिहास साक्षी है, जब-जब राष्ट्र संकट में आया है, तब-तब राष्ट्रवादियों ने ही आगे आकर उसे संभाला है। आज भी समय आ गया है कि सच्चे राष्ट्रवादी चुप न बैठें। राष्ट्र को ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है जो वोट की राजनीति नहीं, बल्कि राष्ट्र की राजनीति करे। जो जाति, धर्म और क्षेत्र के आधार पर समाज को बाँटे नहीं, बल्कि राष्ट्र के नाम पर जोड़े। राष्ट्रवादी का अर्थ है — राष्ट्र के लिए जीना, राष्ट्र के लिए त्याग करना, राष्ट्र के लिए काम करना।
यह संपादकीय किसी एक दल, एक नेता या एक सरकार के विरुद्ध नहीं है। यह उस पूरी व्यवस्था के विरुद्ध चेतावनी है, जिसने राजनीति को सत्ता का खेल बना दिया है। यदि आज भी हम नहीं जागे, तो आने वाली पीढ़ियाँ हमें कभी क्षमा नहीं करेंगी। राष्ट्र को बचाना है तो राजनीति को फिर से राष्ट्रधर्म बनाना होगा। सत्ता साध्य नहीं, साधन है। और साधन का उपयोग केवल राष्ट्रहित के लिए होना चाहिए। यही समय की मांग है, यही राष्ट्र की पुकार है।


रिपोर्टर