चोरी के आभूषण के साथ चार को पुलिस ने भेजा जेल
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Apr 15, 2025
- 83 views
रोहतास। जिले के नटवार थाना पुलिस ने चोरी के आभूषण के साथ दो चोर व चोरी के गहना खरीदने के आरोप में दो दुकानदारों सहित चार को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।इस मामले में रविवार को देर शाम नटवार बाजार निवासी मोहन राम उर्फ बनवारी राम के पुत्र बिट्टू कुमार के लिखित आवेदन पर गृह भेदन को लेकर अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
थानाध्यक्ष अजित कुमार ने बताया कि अपने आवेदन में वादी द्वारा कहा गया था कि वह अपने पूरे परिवार के साथ हैदराबाद में रहता था गत माह 11 अप्रैल को पड़ोसी के द्वारा उसे घर की खिड़की का दरवाजा खुला होने की सूचना दी गई। सूचना मिलते हीं घर आया तो देखा उसके घर में रखे गए कुछ सामानों के साथ बकसे में रखे सोने चांदी का आभूषण गायब था।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने मामले की सूचना वरीय पदाधिकारी को दिया गया जहां एक टीम गठित कर पुलिस अनुसंधान में जूट गई।मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेह के अधार पर नटवार बाजार निवासी किसान चौधरी के पुत्र मुकेश कुमार एवं बिक्रमगंज थानांतर्गत खैरा भूधर निवासी धूरेंन्द्र चौधरी के पुत्र राजेश कुमार उर्फ बूटा को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई।जहां दोनों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए आभूषण को नटवार व बिक्रमगंज बाजार स्थित आभूषण दुकान पर बेचने की बात बताई।जिसके निशानदेही पर नटवर बाजार स्थित दुल्हन अलंकार ज्वेलर्स के चोरी हुए चांदी के आभूषण बरामद करते हुए दुकान के मालिक रमजान अली को गिरफ्तार किया जबकि पुलिस को देख उसका पार्टनर अप्पू भागने में सफल हो गया। वही बिक्रमगंज स्थित आजाद ज्वेलर्स से चोरी हुए चांदी के आभूषण बरामद करते हुए दुकान के मालिक आनंद कुमार को गिरफ्तार किया है पुलिस ने उक्त दोनों ज्वेलर्स दुकानों से कुल लगभग 500 ग्राम चांदी का आभूषण बरामद किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार रमजान अली के अनुसार सोने का आभूषण उसके पार्टनर अप्पू द्वारा गला दिया गया है।गिरफ्तार चारों आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया तथा भागे आभूषण व्यवसाई को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।


रिपोर्टर