दुर्गापूजा को लेकर शांति समिति का बैठक संपन्न
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 01, 2026
- 2 views
रोहतास।आगामी दुर्गापूजा,दीपावली एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज नगर परिषद डेहरी के सभागार में जिला पदाधिकारी,दीपक कुमार मिश्र तथा पुलिस अधीक्षक,मि0 राज की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में डेहरी विधायक,राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह,अपर समाहर्ता,अनुमंडल पदाधिकारी डेहरी,कार्यपालक पदाधिकारी डेहरी-डालमियानगर,स्थानीय जनप्रतिनिधि,शांति समिति के सदस्य,पूजा समिति एवं मुहर्रम समिति के प्रतिनिधि सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने पूजा समितियों एवं शांति समिति के सदस्यों से प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की अपील की। जनप्रतिनिधियों और पूजा समितियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया गया,जिस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिये। जिला पदाधिकारी ने सभी प्रमुख पूजा स्थलों,विसर्जन मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों का पर्व से पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने को कहा। क्षतिग्रस्त सड़कों की आवश्यकतानुसार शीघ्र मरम्मत,निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश भी दिये गये। बैठक में कहा गया कि पर्व के दौरान निर्धारित नियमों एवं प्रशासनिक निर्देशों का पूर्णतः पालन अनिवार्य होगा। डीजे एवं अनधिकृत अथवा अत्यधिक ध्वनि वाले ध्वनि उपकरणों के उपयोग की अनुमति नहीं होगी। पूजा समितियों को निर्धारित ध्वनि सीमा तथा अन्य नियमों का पालन करते हुए ही आयोजन करने की अपील की गयी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रमुख पूजा स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी व्यवस्था प्रभावी करने तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती के निर्देश दिये गये। पूजा पंडालों में अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा, प्रवेश एवं निकास की समुचित व्यवस्था,भीड़ नियंत्रण तथा महिला एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में डालमियानगर मैदान में होने वाले रावण दहन कार्यक्रम को लेकर भी निर्देश दिये गये। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया।
अधिकारियों ने आमजनों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें तथा किसी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को सूचना दें। सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने से भी बचने की अपील की गयी। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने पर्व के दौरान प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।


रिपोर्टर