
शादी के बाद ससुराल वालों ने की दहेज के लिए प्रताड़ित, पति समेत आठ पर मामला दर्ज
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jul 30, 2025
- 94 views
भिवंडी। शांतिनगर पुलिस थाने में एक महिला ने अपने पति और ससुराल के आठ लोगों के खिलाफ दहेज की मांग को लेकर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। मामला गैबीनगर, भिवंडी का है, जहां विवाह के बाद से ही महिला को बार-बार पैसों के लिए परेशान किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता मार्च 2023 से मार्च 2025 तक अपने ससुराल में रह रही थी। इस दौरान उसके पति, सास, ससुर, जेठ, जेठानी और देवरों ने बार-बार 30 लाख रूपये की मांग की। जब महिला व उसके मायके वाले ने यह मांग पूरी नहीं की, तो उसे मारपीट का शिकार बनना पड़ा। आरोप है कि आरोपियों ने मिलकर महिला को बुरी तरह पीटा, बाल पकड़कर घसीटा और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। शिकायत के अनुसार, महिला से जबरन तीस लाख रुपये लाने के लिए कहा गया। दवाब न मानने पर पति ने उसे गाली-गलौज करते हुए घर से निकाल दिया। प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने अपने मायके लौटने का फैसला लिया और वहां से शांतिनगर पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दी। शांतिनगर पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 85,115(2),352(2),3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक सचिन देसाई कर रहे हैं।
रिपोर्टर