चेनारी में 12 को जनसूराज का कार्यक्रम
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 10, 2025
- 145 views
रोहतास। जिले के चेनारी में 12 अगस्त को जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर जी का कार्यक्रम है। कार्यक्रम की तैयारी तथा सफलता को लेकर जनसुराज के नेता और कार्यकर्त्ता रामदुलारी गंगा इंटरस्तरीय मैदान में पसीने बहाते देखे गये। प्रशांत जी के आगमन की तैयारी की जायजा लेते चेनारी के संभावित प्रत्याशी पूनम पासवान तथा सुनील रजक भी मैदान में दिखे। साथ में चेनारी के प्रभारी रणवीर सिंह भी उपस्थित रहे। मैदान में अपने को प्रशांत जी के करीबी बताने वाले जहानाबाद जिले के रहने वाले अमनदीप ने वहाँ उपस्थित कुछ मीडियाकर्मियों से कहा कि प्रशांत जी की सभा में स्थानीय मीडिया की कोई भूमिका नहीं होती, बल्कि उनके कार्यक्रम को एक जहानाबाद के यूटूब चैनल जिसके 50 लाख से भी अधिक देखने वाले हैं, वही उनकी हर जगह की सभाओं का वीडियो अपलोड करते हैं। अमनदीप की कही इन बातों से कुछ स्थानीय मीडियाकर्मी मर्माहत दिखे। मीडियाकर्मियों का कहना था, कि तब स्थानीय मीडिया के लोगों को जनसुराजियों द्वारा सभा में आने की ख़बर ही क्यों दी जाती है? मीडिया के इस प्रश्न का बिना जवाब दिये अमनदीप जी वहाँ से ओझल हो गये। अगर प्रशांत जी के ऐसे शुभचिंतक हों और इस तरह की बात करते हों तो फिर यह आने वाले समय के लिए शुभ संकेत नहीं कहा जा सकता। प्रशांत जी के द्वारा जिस संकल्प को आम-अवाम तक पहुँचाने की कोशिश की जा रही है और इसमें जो स्थानीय मीडिया की भूमिका है, इसे कतई नकारा नहीं जा सकता। जनसुराजी चमन में अमन जैसे लोग प्रशांत जी की सोच, उद्देश्य और संकल्प में बाधक हो सकते हैं। ऐसे लोगों को समय रहते नसीहत देने की जरूरत है।


रिपोर्टर