भदराव गांव में तालाब में डूबने से 11 वर्षीय मासूम की मौत



बरसठी (जौनपुर) : थाना क्षेत्र के भदराव गांव में बुधवार की शाम उस समय कोहराम मच गया जब गुमशुदा हुए 11 वर्षीय बालक का शव गांव के ही तालाब से बरामद हुआ।

परिजनों के अनुसार सिंघम सिंह पुत्र अनिल सिंह रोज की तरह घर से भैंस चराने और खेलने के लिए निकला था। वह सड़क किनारे स्थित प्राइमरी स्कूल व मंदिर के पास अक्सर खेलता था। बुधवार को भी वहीं गया, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। बच्चे के गायब होने की सूचना फैलते ही परिजनों के साथ ग्रामीण भी तलाश में जुट गए।

गांव में बच्चे की गुमशुदगी की खबर सोशल मीडिया पर भी तेजी से फैलने लगी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस टीम भी सक्रिय हो गई। पुलिस ने परिजनों द्वारा बताए गए स्थानों के साथ-साथ बच्चे के ननिहाल, जो कि भदोही जिले में है, तक जाकर पड़ताल की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।

इसी बीच गांव के लोगों ने आशंका जताई कि कहीं बच्चा खेलते समय तालाब में न गिर गया हो। ग्रामीणों ने जब तालाब में खोजबीन की तो मासूम का शव पानी के भीतर मिला। शव मिलते ही परिवार व गांव में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट