वरिष्ठ नागरिक दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Oct 02, 2026
- 3 views
संवाददाता अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर-----"बुजुर्गों का सम्मान, समाज की शान": अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सेवाओं तथा नि:शुल्क स्वास्थ्य जॉंच का आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकारण, पटना के निर्देशानुसार आज अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के उपलक्ष्य में ए.डी.आर, भवन में प्रधान जिला एंव सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर के मार्गदर्शन तथा ललन कुमार रजक सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर के अध्यक्षता में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा एवं उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूकता हेतु विशेष अभियान का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव, सह न्यायाधीश ललन कुमार रजक ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 41 एवं 46 का उल्लेख करते हुए बताया कि राज्य का यह दायित्व है कि वह वृद्धावस्था में नागरिकों को लोक सहायता उपलब्ध कराए तथा कमजोर वर्गों के सामाजिक व आर्थिक हितों की रक्षा करे। इसका मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को गरिमापूर्ण, सुरक्षित और आत्मनिर्भर जीवन प्रदान करना है।
माता-पिता और वरिष्ठ नागरिक अधिनियम, 2007 के तहत संतानों अथवा कानूनी उत्तराधिकारियों के लिए अपने बुजुर्ग माता-पिता के भरण-पोषण, भोजन, आवास और चिकित्सा का समुचित ध्यान रखना कानूनी रूप से अनिवार्य बनाया गया है। इसके अलावा बुजुर्गों से जुड़े मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए विशेष प्रशासनिक अधिकरण कार्यरत हैं, साथ ही उनकी संपत्ति और जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी सख्त कानूनी व्यवस्था की गई है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों को अदालत में मुकदमों की पैरवी के लिए निःशुल्क पैनल अधिवक्ता तथा संपत्ति या पारिवारिक विवादों के शांतिपूर्ण समाधान हेतु मुफ्त कानूनी परामर्श की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। किसी भी प्रकार की कानूनी मदद अथवा आपातकालीन परामर्श के लिए वरिष्ठ नागरिक चौबीसों घंटे संचालित होने वाली राष्ट्रीय विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क कर सकते हैं। प्राधिकार ने समाज के सभी वर्गों से वृद्धजनों के प्रति संवेदनशील रहने और बुजुर्गों से आवश्यकता पड़ने पर निसंकोच इन निःशुल्क विधिक सेवाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
मोहन कुमार सचिव, सवेरा स्वयंसेवी संगठन के द्वारा सरकार वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दिया गया। इस कार्यक्रम में आये हुए सभी वरिष्ठ नागरिकों कों नि:शुल्क स्वास्थय जॉंच कराई गई एंव दवा वितरण किया गया। सभी ने अपने समस्याओं के बारे में चर्चा किया जिसके उपरांत सचिव द्वारा अश्वासन दिया गया कि सभी समस्याओं की समाधान अतिशिध्र करा दी जाएगी। कार्यक्रम में हरीद्वार राय पटेल, रामपदार्थ सिंह सचिव, पेंशनर समाज तथा अन्य वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहें।


रिपोर्टर