तीन बोगस डॉक्टर गिरफ्तार
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Sep 12, 2025
- 315 views
74 झोलाछाप अब तक बेनकाब, पालिका प्रशासन ने फिर मारी दबिश
भिवंडी। भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका की स्वास्थ्य टीम ने शुक्रवार को एक और बड़ी कार्रवाई कर तीन फर्जी डॉक्टरों का पर्दाफाश किया। जो बिना मेडिकल डिग्री के इलाज कर रहे ये झोलाछाप डॉक्टर वर्षों से लोगों को गुमराह कर रहे थे। महानगर पालिका आयुक्त अनमोल सागर और मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संदीप गाडेकर के निर्देश पर, नोडल अधिकारी डॉ.जयवंत धुले और उनकी टीम ने शांतीनगर पुलिस के सहयोग से न्यू आज़ाद नगर और नूरीनगर इलाकों में छापा मारा। इस दौरान भिमराव ग्यानवा कावडे (49), सिध्दीकी क्लिनिक, शांतीनगर व मोहम्मद शमीम सिद्दीकी (52), नूरीनगर डोंगर पाडा और मोहम्मद अयूब मोहम्मद हनीफ (30), न्यू आज़ाद नगर से गिरफ्तार किया है। तीनों के पास एलोपैथी चिकित्सा की कोई डिग्री नहीं थी, लेकिन ये खुद को डॉक्टर बताकर नागरिकों का इलाज कर रहे थे। पुलिस ने इनके खिलाफ महाराष्ट्र प्रैक्टिशनर एक्ट-1961 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज कर लिया है।
भिवंडी मनपा के आयुक्त अनमोल सागर ने स्पष्ट कहा कि ऐसे फर्जी डॉक्टरों पर नकेल कसने का अभियान लगातार जारी रहेगा। अब तक भिवंडी क्षेत्र में 74 बोगस डॉक्टरों पर कार्रवाई हो चुकी है। वही पर उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि लोग किसी भी संदिग्ध क्लिनिक से इलाज न कराएं और फर्जी डॉक्टर की जानकारी तुरंत पालिका प्रशासन या पुलिस को दें। इस कार्रवाई से झोलाछाप डाॅक्टरों में हड़कप मचा हुआ है।


रिपोर्टर