भिवंडी मनपा में कर्मचारी अनुशासनहीन, आई कार्ड और नियमों की खुलेआम अवहेलना
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 23, 2025
- 276 views
भिवंडी। भिवंडी मनपा प्रशासन में इस समय अनुशासन की जगह अव्यवस्था का राज कायम है। मनपा मुख्यालय से लेकर प्रभाग कार्यालयों तक कर्मचारी गले में आई कार्ड नहीं पहनते हैं, जिससे उनकी पहचान करना नामुमकिन हो गया है। कई बार कर्मचारियों की कुर्सियों पर बाहरी लोग बैठकर ठिठोली करते नजर आते है।शासन के नियमों के अनुसार प्रत्येक कर्मचारी को ड्रेस कोड और आई कार्ड पहनना अनिवार्य है। कार्यालय समय में उपस्थिति रजिस्टर में आने-जाने का समय और कारण दर्ज करना भी जरूरी है। लेकिन भिवंडी मनपा में ये नियम केवल कागजों तक सीमित है। प्रशासक और आयुक्त अनमोल सागर (आईएएस) के नेतृत्व में लागू प्रशासक राज के बावजूद कर्मचारियों पर कोई नियंत्रण नहीं है। कई कर्मचारी दोपहर 2 बजे कार्यालय आते हैं, जबकि कुछ 4 बजे ही निकल जाते हैं,लेकिन वेतन पूरा प्राप्त करते हैं। सफाई विभाग की स्थिति और गंभीर है। सूत्रों के मुताबिक कई कर्मचारी मुकादम और स्वच्छता अधिकारियों को हिस्सा देकर पूरे महीने गायब रहते हैं, जबकि उनकी जगह पर दूसरों को काम कराया जाता है। पालिका में कर्मचारियों की जांच कर उन पर लगाम लगाने के लिए बनाए गए ‘उड़ान दस्ते’ भी निष्क्रिय हैं। दक्ष नागरिकों की माने तो मनपा प्रशासन में नियमों की यह खुलेआम अवहेलना शहर में कार्यपालिका और प्रशासनिक अनुशासन की गंभीर कमी को दर्शाती है। इसकी जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग शहर के दक्ष नागरिकों ने आयुक्त से की है।


रिपोर्टर