तीन अंतरप्रांतीय ड्रग तस्कर गिरफ्तार, 1 करोड़ की एमडीएमए बरामद

बरसठी (जौनपुर)। बरसठी थाना पुलिस ने स्वाट, एसओजी और गामा टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े ड्रग नेटवर्क का खुलासा करते हुए एमडीएमए (नशा बनाने वाला केमिकल ड्रग) तैयार करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 1 करोड़ रुपये मूल्य की एमडीएमए और अन्य केमिकल्स बरामद किए हैं।

गिरफ्तार तस्करों के नाम संतोष तिवारी, अभीत तिवारी और अंकित तिवारी हैं। तीनों ग्राम पाली, थाना बरसठी, जनपद जौनपुर के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, ये लोग लंबे समय से एमडीएमए और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी में सक्रिय थे तथा अंतरप्रांतीय स्तर पर नेटवर्क संचालित कर रहे थे।

पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान 300 ग्राम तैयार एमडीएमए, 1 किलो लोवा पाउडर, 1.5 किलो कास्टिक सोडा, 6 किलो ब्लैक पेपर, 500 ग्राम रैपर पाउडर, ₹1,10,000 नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और स्विफ्ट डिजायर कार (UP50 BW 9880) बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद एमडीएमए की कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये आंकी गई है।

बताया गया कि गिरोह का मुख्य सरगना अभीत तिवारी पहले भी गुड़गांव में एमडीएमए तस्करी के एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। उन्होंने इस सफल अभियान में शामिल पूरी टीम को ₹10,000 का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

जौनपुर पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी नेटवर्क को तगड़ा झटका लगा है और क्षेत्र में नशे के कारोबार पर बड़ा अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।


रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट