बाबा रामयज्ञ दास जी की कुटी पर गोवर्धन पूजा धूमधाम से हुई संपन्न
- संदीप मिश्र, ब्यूरो चीफ जौनपुर
- Nov 10, 2026
- 2 views
रामनरेश प्रजापति की रिपोर्ट
श्रीकृष्ण की भक्ति, प्रकृति और गौवंश संरक्षण का संदेश देती है गोवर्धन पूजा: आचार्य सत्येंद्र मिश्रा
गोवर्धन पूजा में पूजे गए भगवान श्रीकृष्ण, तीन हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
सुईथाकला क्षेत्र के समोधपुर स्थित बाबा रामयज्ञ दास के मंदिर पर गोवर्धन पूजा का आयोजन
जौनपुर। सुईथाकला विकासखंड क्षेत्र के समोधपुर गांव स्थित श्री श्री 108 बाबा रामयज्ञ दास जी महाराज की पावन तपोस्थली बाबा राम यज्ञ दास मंदिर पर सोमवार की देर शाम गोवर्धन पूजा का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें तीन हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गौरी-गणेश पूजन के साथ हुआ। इसके बाद श्रीरामचरितमानस का पाठ किया गया। विधि-विधान से गोवर्धन पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं ने गोवर्धन की परिक्रमा की। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। पूजा-अर्चना के उपरांत प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे तीन हजार से अधिक लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र मिश्र ने बताया कि गोवर्धन पूजा भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, प्रकृति और गौवंश के संरक्षण का संदेश देती है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत धारण कर प्रकृति एवं जीव-जंतुओं के महत्व का संदेश दिया था। यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सेवा भाव रखने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी, हृदय प्रसाद सिंह रानू, शिव प्रताप सिंह (भुलाने), पद्मभूषण सिंह, केशरी नंदन मिश्र, अखिलेश सिंह, ओमप्रकाश सिंह, उग्रसेन तिवारी, राकेश प्रजापति, दयाराम प्रजापति सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


रिपोर्टर