स्ट्रांग रूम परिसर में खाली बक्सा लदा घुसा ट्रक मचा हडकंप
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 13, 2025
- 34 views
रोहतास। जिले के सातों विधानसभा-क्षेत्र में हुए मतदान के बाद सारे ईवीएम सासाराम के तकिया बाजार समिति में बनाये गये वज्रगृह में रखे गये हैं। परिसर और वज्रगृह के आसपास सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किये गये हैं। बाद भी इसके बीते देर शाम ईवीएम के खाली टीन-बॉक्स लदे एक ट्रक समिति-परिसर में कैसे प्रवेश किया? यह जाँच का विषय है। इस सन्दर्भ को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह -जिला पदाधिकारी उदिता सिंह द्वारा एक प्रेसवार्ता कर बताया गया कि बाजार समिति गेट पर विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्त्ताओं द्वारा ट्रक के अंदर प्रवेश करते ही हंगामा खड़ा किया गया। हंगामा के मद्देनजर मेरे और पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार द्वारा हंगामा कर रहे लोगों के सामने ट्रक पर लदे सारे बॉक्स को देखा गया,जो खाली था। जिला पदाधिकारी ने बताया कि वह ट्रक चेनारी से पोल्ड-ईवीएम का खाली बॉक्स लेकर आया था। अभी और जगहों से पोल्ड-ईवीएम के खाली बॉक्स आने हैं। उन्होंने बताया कि इन्हीं बॉक्स में मतगणना के बाद ईवीएम रखे जाते हैं। क्या खाली बॉक्स लाने का अभी ही उपयुक्त समय है? के जवाब में डीएम ने कहा कि इसी से लोगों में भ्रम पैदा हो गया है। ईवीएम के खाली बॉक्स से पोल्ड ईवीएम का कोई संबंध नहीं है और न ही मतगणना पर इसका कोई प्रभाव होगा। हंगामा के दौरान पुलिस की ओर से लाठी-चार्ज होने के सवाल पर पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने कहा कि मेरे संज्ञान में ऐसी कोई बात नहीं आयी है। यदि इस तरह की घटना हुई होगी तो फिर सीसीटीवी के आधार पर दोषी पुलिस-कर्मियों पर कार्रवाई होगी। बाजार समिति गेट पर तैनात विभिन्न राजनीतिक-दलों के कार्यकर्ताओं और आम-अवाम से डीएम ने अपील किया है कि किसी भी अफवाह से बचा जाय और जो कुछ भी संदिग्ध दिखे तो मुझे सूचित किया जाय। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मतगणना बिलकुल पारदर्शी होगी और सीसीटीवी तथा राजनीतिक-दलों के अभिकर्ताओं की देख-रेख में होगी।


रिपोर्टर