पीएम श्री +2 उच्च विद्यालय चौखंडी पथ में एनसीसी कैडेट्स ने चलाया प्लास्टिक मुक्त अभियान
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 05, 2026
- 2 views
रोहतास। 42 बिहार बटालियन एनसीसी सासाराम के आदेशानुसार पीएम श्री +2 उच्च विद्यालय चौखंडी पथ, रौजा रोड, सासाराम में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री उमेश कुमार सिंह एवं एनसीसी पदाधिकारी फर्स्ट ऑफिसर चंदन कुमार के नेतृत्व में प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाते हुए प्लास्टिक कचरे को एकत्रित किया। कैडेट्स ने लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने तथा पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने के लिए जागरूक किया।
इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के बारे में लोगों को जानकारी दी और प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का उपयोग करने की अपील की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री उमेश कुमार सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। छोटे-छोटे प्रयासों से ही समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। वहीं एनसीसी पदाधिकारी फर्स्ट ऑफिसर चंदन कुमार ने कैडेट्स को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति निरंतर जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
अभियान में एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए “प्लास्टिक हटाओ, पर्यावरण बचाओ” का संदेश दिया। इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम लोगों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक के कम से कम उपयोग के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा।
एनसीसी कैडेट्स की सक्रिय भागीदारी से विद्यालय परिसर में चलाया गया यह अभियान लोगों के लिए जागरूकता एवं प्रेरणा का संदेश बन गया।


रिपोर्टर