टोरेंट पॉवर के ‘संगिनी’ कार्यक्रम में महिलाओं के स्वास्थ्य पर केंद्रित प्रेरक सत्र
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 30, 2025
- 177 views
भिवंडी। महिला सशक्तिकरण और कर्मचारी कल्याण को बढ़ावा देने की दिशा में टोरेंट पावर ने शनिवार, 29 नवंबर को भिवंडी के ओसवाल ऑडिटोरियम में अपने महिला-केंद्रित कार्यक्रम ‘संगिनी’ के तहत एक विशेष सत्र आयोजित किया। “Nourish to Flourish” विषय पर आधारित इस सत्र में 200 से अधिक महिला कर्मचारियों ने भाग लिया।
गौरतलब हो कि 'संगिनी’ टोरेंट पावर का अर्धवार्षिक कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य महिला कर्मचारियों को स्वास्थ्य, व्यक्तिगत विकास, आर्थिक जागरूकता और कार्य-परिवार संतुलन जैसे विषयों पर मार्गदर्शन देना है। कार्यक्रम में हर बार किसी विशेषज्ञ को आमंत्रित किया जाता है, जो प्रतिभागियों को व्यावहारिक और उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। इस बार सत्र की मुख्य वक्ता थीं सुश्री सुधा शंकरनारायण, डायरेक्टर – आर एंड डी एवं फूड सेफ्टी (एशिया, मिडिल ईस्ट, अफ्रीका), Papa John’s International। खाद्य और पोषण क्षेत्र में दो दशक से अधिक अनुभव रखने वाली सुधा शंकरनारायण ने कामकाजी महिलाओं के लिए सही पोषण और संतुलित आहार की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि व्यस्त दिनचर्या और घरेलू जिम्मेदारियों के चलते महिलाएं अपने स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं दे पातीं, जिससे आगे चलकर अनेक समस्याएं पैदा होती हैं। उन्होंने ऐसी सरल और व्यावहारिक आहार आदतें भी बताईं, जिन्हें रोजमर्रा की जिंदगी में आसानी से अपनाया जा सकता है। सत्र के संवादात्मक चरण में महिला कर्मचारियों ने उत्साह के साथ प्रश्न पूछे और विशेषज्ञ से सीधे मार्गदर्शन प्राप्त किया, जिससे कार्यक्रम और प्रभावी हो गया। टोरेंट पावर के प्रवक्ता ने बताया कि कंपनी लैंगिक समानता, महिला सशक्तिकरण और कर्मचारी विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। प्रवक्ता ने कहा कि संगिनी जैसे कार्यक्रम महिला कर्मचारियों को अधिक जागरूक, आत्मविश्वासी और समर्थ बनाते हैं। कार्यक्रम का समापन आभार व्यक्त करते हुए किया गया। प्रतिभागियों ने अपने स्वास्थ्य, पोषण और व्यक्तिगत विकास को प्राथमिकता देने का भी संकल्प भी लिया।


रिपोर्टर