डीएम एवं डीडीसी ने फसल अवशेष रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Dec 05, 2025
- 63 views
रोहतास। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबन्ध अभिकरण आत्मा, रोहतास के द्वारा फसल अवशेष प्रबन्धन के लिए जन- जागरूकता अभियान के तहत फसल अवशेष प्रबन्धन से संबंधित तकनीकी जानकारी एवं ऑडियोयुक्त जागरूकता-रथ को जिले के 14 प्रखंडों में प्रचार-प्रसार हेतु जिला पदाधिकारी उदिता सिंह तथा विजय कुमार पाण्डेय,उप विकास आयुक्त द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। इस रथ का उद्देश्य प्रखंडों में फसल अवशेष-पराली नहीं जलाने हेतु आमजनों को जागरूक करना है।जागरूकता-रथ पर सम्बंधित प्रखंड के फसल-अवशेष प्रबन्धन हेतु अनुदानित दर पर स्थापित किये गये स्पेशन कस्टम हायरिंग सेंटर एवं प्रगतिशील किसानों के पास फसल अवशेष के प्रबन्धन के लिए सहयोगी यंत्रधारकों यथा-स्ट्राबेलर इत्यादि अन्य यंत्रों का सम्पर्क-सूत्र भी अंकित कर किसानों की सहायता हेतु प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। फसल-अवशेष को जलाने से फसलों तथा मानव के स्वास्थ्य पर होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में भी यह रथ जागरूक करेगा। प्रशासनिक-स्तर से पराली जलाने वाले किसानों पर दण्डात्मक कार्रवाई का भी प्रावधान किया गया है। दोषी पाये जाने वाले किसानों पर कार्रवाई तो होगी ही, सरकार द्वारा दिये जाने वाले सभी प्रकार के अनुदान से भी उन्हें वंचित कर दिया जायेगा। मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, उप परियोजना निदेशक,संतोष कुमार तथा देवेन्द्र सिंह एवं अनुमण्डल कृषि पदाधिकारी,गिरिराज कुमार उपस्थित रहे।


रिपोर्टर