फ्लैट दिलाने के नाम पर 32 लाख की ठगी, बिल्डर पर केस दर्ज

कशेली क्षेत्र में ब्रोकर से लाखों रुपये वसूलने के बाद न फ्लैट दिया, न रकम लौटाई


भिवंडी। भिवंडी तालुका के कशेली गांव क्षेत्र में एक बिल्डर द्वारा ब्रोकर से की गई ठगी का मामला प्रकाश में आया है। नारपोली पुलिस ने इस संबंध में बिल्डर सुशील मनोहर गायकर (36) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) और 318(2) के तहत मामला दर्ज किया है। काल्हेर गांव निवासी दीपक बडू पाटिल द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी बिल्डर ने रिद्धि-सिद्धि फेज-1 स्थित बिल्डिंग नंबर 11 के चैत्राली अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 407 और 408 दिलाने का आश्वासन दिया था। इसी भरोसे में शिकायतकर्ता ने 22 फरवरी 2023 से 11 अप्रैल 2025 के बीच गूगल पे के माध्यम से कुल 32,06,631 रुपये आरोपी को सौंप दिए। पीड़ित का कहना है कि इतनी बड़ी रकम लेने के बावजूद बिल्डर ने न तो कोई फ्लैट उपलब्ध कराया और न ही रकम वापस की। जब शिकायतकर्ता ने पैसे लौटाने की मांग की, तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। आखिरकार परेशान होकर पीड़ित ने नारपोली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने प्राथमिकी के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक राहुल पाटिल द्वारा की जा रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट