पारा लीगल वालंटियर के दो दिवसीय प्रशिक्षण का शुरू
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Dec 15, 2025
- 41 views
रोहतास।गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में आज नारायण विधि संकाय एवं पैरवी के संयुक्त तत्वावधान में पारा लीगल वालंटियर के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विधि के विद्यार्थियों और समुदाय के लोगों को न्याय, किशोर न्याय एवं बाल संरक्षण से जुड़ी व्यवहारिक जानकारी प्रदान करना है।
शंकार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. कुमार आलोक प्रताप सिंह ने कहा कि यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर है, जहाँ विधि के छात्र और समुदाय के लोग एक-दूसरे के अनुभवों से सीख सकते हैं। ऐसे प्रशिक्षण न्याय तक आम लोगों की पहुँच को मजबूत करते हैं।
नारायण विधि संकायाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार सरोज ने प्रतिभागियों को उत्साहित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान बालकों के संवैधानिक अधिकारों और बाल संरक्षण को विशेष प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में न्याय की स्थापना के लिए प्रशिक्षित पारा लीगल वालंटियर की भूमिका बेहद अहम है।
पैरवी के प्रतिनिधि दीनबंधु वत्स ने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी प्रकार का प्रशिक्षण आयोजित किया गया था और इस वर्ष इस टीम को दो और चरणों में प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि प्रतिभागियों की समझ और क्षमता को और सुदृढ़ किया जा सके।
प्रशिक्षण में नारायण स्कूल ऑफ लॉ के विद्यार्थियों के साथ-साथ समुदाय के लोग भी शामिल हैं, जिन्हें किशोर न्याय कानून और बाल संरक्षण प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इस दो दिवसीय प्रशिक्षण के लिए विख्यात बाल अधिकार कार्यकर्ता सुनील झा को रिसोर्स पर्सन के रूप में आमंत्रित किया गया है।
इस अवसर पर मानवाधिकार कार्यकर्ता संतोष उपाध्याय की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता दिखाते हुए इसे समाज के लिए उपयोगी पहल बताया।


रिपोर्टर