आदर्श विकास का मॉडल बनी भिवंडी ईस्ट विधानसभा-- विधायक रईस शेख
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 15, 2025
- 104 views
20.27 करोड़ की विकास निधि से कार्य प्रस्तावित, आचार संहिता के कारण उद्घाटन टला
भिवंडी । भिवंडी ईस्ट विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों को लेकर समाजवादी पार्टी के विधायक रईस शेख ने सोमवार को अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद को संबोधित किया। आचार संहिता लागू होने के चलते 20.27 करोड़ रुपये की विकास निधि से होने वाले कार्यों का उद्घाटन कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है, हालांकि विधायक ने अब तक पूरे हुए और प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी पत्रकारों को दी।
विधायक रईस शेख ने कहा कि पूरे महाराष्ट्र में भिवंडी ईस्ट विधानसभा क्षेत्र में जिस तरह का विकास हुआ है, उसकी चर्चा राज्य के वरिष्ठ नेताओं के बीच होती है। उन्होंने दावा किया कि जहां-जहां से निधि उपलब्ध हुई, केवल विकास कार्यों को जमीन पर उतारा गया। इस कार्य में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।उन्होंने बताया कि हाल ही में नागपुर में संपन्न शीतकालीन अधिवेशन के दौरान सात दिनों में उन्होंने न केवल अपने विधानसभा क्षेत्र, बल्कि भिवंडी शहर से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं को राज्य के वरिष्ठ नेताओं और सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया,100 फुट रोड को लेकर फैली अफवाहों पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक शेख ने कहा कि इस सड़क का निर्माण 5 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा और किसी भी मकान को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है, विधायक ने जानकारी दी कि फातमा नगर में ई-बस डिपो का निर्माण किया जाएगा, जिससे शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। वहीं चौहान कॉलोनी और किदवई नगर में श्मशान भूमि की मरम्मत और विकास कार्यों का उद्घाटन भी प्रस्तावित था, जिसे आचार संहिता के कारण स्थगित करना पड़ा।
गुटखा बंदी के मुद्दे पर विधायक शेख ने कहा कि उन्होंने विधानसभा में यह विषय जोरदार तरीके से उठाया था, जिस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पूरे राज्य में गुटखा बैन लागू किया। उन्होंने इसे जनस्वास्थ्य की दिशा में बड़ा और सराहनीय कदम बताया।
यातायात व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि पुलिस आयुक्त से चर्चा के बाद फिलहाल 10 टायर वाले भारी वाहनों पर रोक लगाई गई है और जल्द ही 6 टायर वाले वाहनों पर भी प्रतिबंध लगाया जाएगा। इससे शहर में ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। सड़क चौड़ीकरण को लेकर विधायक ने बताया कि अंजूर फाटा से कल्याण नाका सहित अन्य क्षेत्रों में प्रभावित होने वाले नागरिकों के लिए राज्य सरकार ने 600 करोड़ रुपये के मुआवजे का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन की जिम्मेदारी है कि समय पर प्रस्ताव भेजे और प्रभावित लोगों को मुआवजा व आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराए। शांतिनगर क्षेत्र की वन भूमि को लेकर चल रहे सर्वे पर फिलहाल रोक लगा दी गई है, जिससे स्थानीय नागरिकों को राहत मिली है। आगामी मनपा चुनाव को लेकर विधायक शेख ने स्पष्ट किया कि टिकट वितरण का निर्णय पार्टी की समिति द्वारा किया जाएगा। वहीं भिवंडी के सांसद सुरेश ‘बाल्या मामा’ म्हात्रे द्वारा सपा प्रदेश अध्यक्ष अबू आज़मी पर की गई टिप्पणी की उन्होंने कड़ी निंदा की और कहा कि समाजवादी पार्टी अपने प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ किसी भी तरह की गलत बयानबाजी को स्वीकार नहीं करेगी।विधायक रईस शेख ने अंत में कहा कि भिवंडी का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है और जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए आगे भी विकास कार्य पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेंगे।


रिपोर्टर