नदी नाका परिसर में डिवाइडर पर चढ़ा सीमेंट से भरा ट्रक, बड़ा हादसा टला

भिवंडी। शहर के नदी नाका परिसर में स्थित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम फ्लाईओवर पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब मुंबई से वाडा की ओर जा रहा सीमेंट से भरा ट्रक अचानक सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गया। डिवाइडर का सही अंदाजा न लग पाने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर उस पर चढ़ गया, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर यातायात पुलिस और मनपा प्रशासन के कर्मचारी पहुंचे। क्रेन की मदद से ट्रक को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद कुछ समय बाद यातायात को फिर से सुचारु किया जा सका। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानहानि नहीं हुई। स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों का कहना है कि इस फ्लाईओवर पर पहले भी कई वाहन इसी तरह डिवाइडर पर चढ़कर पलट चुके हैं। बावजूद इसके मनपा प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस उपाय नहीं किए गए हैं। लोगों का आरोप है कि डिवाइडर पर न तो पर्याप्त रिफ्लेक्टर लगे हैं और न ही चेतावनी संकेतक, जिससे रात के समय या तेज रफ्तार में आने वाले वाहनों को डिवाइडर का अंदाजा नहीं लग पाता।स्थानीय नागरिकों ने मनपा प्रशासन से मांग की है कि डॉ. एपी.जे. अब्दुल कलाम फ्लाईओवर पर डिवाइडर की ऊंचाई और स्थिति को स्पष्ट करने के लिए रिफ्लेक्टर, संकेत बोर्ड और स्ट्रीट लाइटिंग की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।फिलहाल ट्रक को हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है, लेकिन बार-बार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर प्रशासन की लापरवाही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट