भव्य कलश यात्रा और श्रीमद्भागवत कथा का दिव्य आयोजन

अनुमंडल संवाददाता सिंगासन सिंह यादव की रिपोर्ट


भभुआं(कैमूर)-- अनुमंडल क्षेत्र के भगवानपुर प्रखंड अंतर्गत उमापुर गांव में आस्था, श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत एक भव्य धार्मिक आयोजन। उमापुर गांव में जीयर स्वामी के पावन सान्निध्य में कलश यात्रा का सफल आयोजन किया गया, जिसके साथ ही कथावाचक परमपूज्य स्वामी अभिनंदन महाराज के श्रीमुख से साप्ताहिक श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। यह पावन कथा एवं यज्ञ का आयोजन नागेश दुबे एवं सोनू दुबे के द्वारा कराया जा रहा है, जो क्षेत्र में चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है।

कलश यात्रा में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हजारों की संख्या में श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हुए, जिसमें पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं की संख्या दोगुनी रही। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर पूरे श्रद्धा भाव से यात्रा में भाग लिया। यह यात्रा उमापुर गांव से प्रारंभ होकर स्वर्ण नदी तक पैदल निकाली गई। भक्तिमय जयघोष और ढोल-नगाड़ों की धुन से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

यात्रा की भव्यता को और भी आकर्षक बनाने के लिए हाथी, घोड़ा एवं ऊंट शामिल किए गए थे। इसके साथ ही डीजे के माध्यम से भक्ति संगीत बजाया जा रहा था तथा अलग-अलग प्रकार की झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्होंने लोगों का मन मोह लिया। झांकियों में धार्मिक प्रसंगों और सांस्कृतिक झलकियों को सुंदर ढंग से प्रदर्शित किया गया।

स्वर्ण नदी के तट पर विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की गई। महिलाओं ने नदी से पवित्र जल लेकर कलश में भरा और पूरे विधि-विधान के साथ यज्ञ स्थल तक वापस पहुंचीं। यज्ञ स्थल पर पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-पाठ संपन्न कराया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक हो गया।

परमपूज्य स्वामी अभिनंदन जी महाराज के मुखारविंद से होने वाली श्रीमद्भागवत कथा में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कथा के माध्यम से भक्तों को धर्म, भक्ति और मानव जीवन के मूल्यों का संदेश दिया जा रहा है। यह यज्ञ एवं कथा न केवल धार्मिक दृष्टि से, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी अत्यंत अद्भुत और प्रेरणादायक मानी जा रही है। पूरे क्षेत्र में इस आयोजन की सराहना हो रही है और लोग इसे सौभाग्य का विषय मान रहे हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट