चोरी के जेवरात के बंटवारे की तैयारी के दौरान भगवानपुर पुलिस ने दस लोगों को किया गिरफ्तार, भेजा न्यायिक हिरासत में

संवाददाता सिंगासन सिंह यादव की रिपोर्ट

भभुआं(कैमूर)---- अनुमंडल के भगवानपुर थाना क्षेत्र के मातर गांव के पास चोरी के जेवरात की खरीद-बिक्री एवं बंटवारे की गुप्त सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर दस लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से एक टेंपो भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपित बक्सर जिले के विभिन्न गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं।

इस संबंध में भगवानपुर थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद उनके निर्देश पर पुलिस टीम ने मातर चौक से पारस केवट के घर की ओर छापेमारी की। इस दौरान केवा नहर रोड के किनारे घर के दरवाजे के पास खड़े एक टेंपो के साथ वहां मौजूद दस लोगों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर चौकी पर बिछे बिस्तर के नीचे छिपाकर रखे गए दो पर्स बरामद किए गए। पर्स की तलाशी में चांदी की एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी बिछिया, सोने जैसी धातु की कान की बाली समेत अन्य सामान मिले। बरामद एक पर्स पर रोहतास जिले की एक आभूषण दुकान का नाम और पता अंकित था।

वहीं, पुलिस ने मौके से टेंपो को भी जब्त कर लिया। टेंपो की चाबी पारस केवट के पास से बरामद हुई। पूछताछ के दौरान उसने टेंपो को अपना बताते हुए स्वीकार किया कि सभी लोग उसी वाहन से वहां पहुंचे थे। हालांकि, टेंपो से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में करीब आधा दर्जन लोगों के मुंह से शराब पीने की गंध आ रही थी। इसके बाद सभी की मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें छह लोगों के शराब पीने की पुष्टि हुई।

बताते चलें कि भगवानपुर पुलिस ने सभी दस आरोपितों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट