ऊँचे पदों पर बैठे लोगों के विरोधाभासी बयान इतिहास की अनदेखी
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 29, 2026
- 20 views
वर्तमान समय में राष्ट्र के अधिकांश उच्च पदों पर अशिक्षित आसक्त, पद की गरिमा हो रही धूमिल
राष्ट्र के सर्वोच्च पदों पर बैठे व्यक्तियों, बड़े संगठनों के प्रमुखों और बड़ी राजनीतिक पार्टियों के शीर्ष पदाधिकारियों के बयानों को सुनकर आज एक गंभीर प्रश्न खड़ा हो गया है कि क्या इन पदों पर बैठे लोगों के पास इतिहास, धर्मशास्त्र और समाज की वास्तविक समझ है भी या नहीं। उनके बयान एक-दूसरे के विरोधाभासी हैं, तथ्यों से कटे हुए हैं और समाज को जोड़ने के बजाय तोड़ने का काम कर रहे हैं।
देश के प्रधानमंत्री के पद पर बैठे व्यक्ति के द्वारा यह कहा जाना कि 5000 वर्षों तक पानी नहीं पीने दिया गया, छुआछूत निभाया गया, तो जब समय आएगा तो बदला लिया जाएगा, यह बयान न तो इतिहास सम्मत है और न ही एक प्रधानमंत्री के पद की गरिमा के अनुरूप है।
एक ओर प्रधानमंत्री स्वयं को पिछड़ा घोषित करते हैं, दूसरी ओर खुले मंच से समाज के एक वर्ग को 5000 वर्ष का शोषक और दूसरे वर्ग को शोषित बताकर बदले की भावना को हवा देते हैं। प्रश्न यह है कि 5000 वर्ष का यह आंकड़ा कहाँ से आया? किस इतिहास ग्रंथ में, किस शिलालेख में, किस प्रमाण में यह दर्ज है कि 5000 वर्षों तक निरंतर यही व्यवस्था चली? इतिहास प्रमाण माँगता है, नारे नहीं।
इसी तरह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख के बयानों में भी भारी विरोधाभास दिखाई देता है। कभी कहा जाता है कि भारत हिंदू राष्ट्र है, तो कभी कहा जाता है कि भारत को कोई हिंदू राष्ट्र नहीं बना सकता। कभी कहा जाता है कि ब्राह्मणों ने जातियाँ बनाईं।
यदि संघ प्रमुख को ही यह स्पष्ट नहीं है कि भारत क्या है और जाति व्यवस्था का उद्भव कैसे हुआ, तो कार्यकर्ताओं और समाज को वे क्या दिशा देंगे? जाति को ब्राह्मणों की देन बताना धर्मशास्त्रों की अनभिज्ञता को ही दर्शाता है। वेदों में वर्ण व्यवस्था कर्म आधारित थी, जन्म आधारित जातिवादी व्यवस्था का वह स्वरूप नहीं था, जिसे आज राजनीतिक लाभ के लिए प्रचारित किया जाता है।
राष्ट्रपति के पद पर बैठी महामहिम द्वारा भी अक्सर केवल दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को ही शुभकामनाएँ दी जाती हैं। सवर्ण समाज का नाम तक नहीं लिया जाता। वे भी स्वयं को पिछड़ा मानती हैं। जिस देश का प्रथम नागरिक ही स्वयं को किसी वर्ग विशेष से जोड़कर देखेगा, तो वह समस्त राष्ट्र का प्रतिनिधि कैसे होगा? राष्ट्रपति का पद जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर होता है। वहाँ से दिया गया संदेश पूरे भारत के लिए होना चाहिए, किसी एक वर्ग के लिए नहीं।
अधिकांश नेताओं की मानसिकता आज यही बन गई है कि सवर्ण वर्ग को शोषणकर्ता मान लो और अन्य वर्गों को शोषित मान लो। यह सरलीकरण वोट की राजनीति के लिए सुविधाजनक है, पर सत्य नहीं है। इससे स्पष्ट होता है कि इन नेताओं ने न तो शिक्षा को गंभीरता से लिया है, न धर्मशास्त्रों को पढ़ा है और न ही इतिहास का अध्ययन किया है।
हो सकता है कि वेद-शास्त्रों की जानकारी किसी ब्राह्मण ने इन्हें न दी हो, यदि उनकी माने तो यह संभव है। परंतु इतिहास तो इन्हें पढ़ना ही चाहिए था। इतिहास किसी जाति या पार्टी की संपत्ति नहीं है, वह सार्वजनिक सत्य है। पर यह पढ़ेंगे नहीं और राष्ट्र में विद्वेष फैलाने के लिए अनाप-शनाप भाषण देंगे।
यदि केवल भारत के इतिहास को ही निष्पक्ष भाव से पढ़ा जाए, तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि इस्लामिक आक्रांताओं और अंग्रेजी लुटेरों के आक्रमण से पहले भारत में वह छुआछूत वाली जातियाँ, जिनकी आज चर्चा की जाती है, उस रूप में मौजूद ही नहीं थीं, जिस रूप में आज उन्हें प्रस्तुत किया जाता है।
भारत की मूल सामाजिक व्यवस्था वर्ण व्यवस्था थी - ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य और शूद्र - जो कर्म, गुण और योग्यता पर आधारित थी। आक्रमणों के बाद समाज की सुरक्षा, रोजगार, धर्मांतरण के भय और विदेशी शासन की फूट डालो की नीति ने इस व्यवस्था को विकृत किया। अंग्रेजों ने जाति जनगणना, कानून और प्रशासन के माध्यम से जातियों को स्थायी खाँचों में बाँट दिया। उसी विकृति को आज के नेता 5000 वर्ष पुराना बताकर समाज में बदले की आग भड़का रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उदाहरण भी इसी विरोधाभास को उजागर करता है। वे स्वयं सवर्ण वर्ग से आते हैं, संन्यासी हैं, परंतु उनकी सरकार की अधिकांश योजनाएँ भी दलित, अल्पसंख्यक और महिलाओं तक ही सीमित दिखाई देती हैं। सवर्ण गरीब, सवर्ण किसान, सवर्ण बेरोजगार युवक के लिए कोई विशेष योजना, कोई विशेष संबोधन नहीं है। क्या गरीबी की कोई जाति होती है? क्या भूख, बेरोजगारी और अपमान केवल एक वर्ग को ही लगता है?
जब सवर्ण वर्ग के नेता भी सवर्णों के हित की बात करने से डरने लगें, तो समझ लेना चाहिए कि राजनीति में तुष्टिकरण ने राष्ट्रहित को पीछे छोड़ दिया है।
आज आवश्यकता इस बात की है कि ऊँचे पदों पर बैठे लोग बयानबाजी से ऊपर उठकर इतिहास पढ़ें, शास्त्रों को समझें और समाज को सत्य बताएँ। बदले की राजनीति से राष्ट्र नहीं बनता, राष्ट्र न्याय, समता और सत्य से बनता है।
यदि यही विरोधाभासी बयान चलते रहे, तो आने वाली पीढ़ी इतिहास नहीं, केवल नफरत पढ़ेगी। और जिस राष्ट्र के शीर्ष लोग ही भ्रमित हों, उस राष्ट्र की दिशा क्या होगी, यह सोचने का विषय है।


रिपोर्टर