साइकिल चोरी के मामूली विवाद में सुलग उठा कैमूर का अहिनौरा गांव, दो समुदायों में जमकर पथराव, 14 गिरफ्तार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Dec 26, 2025
- 164 views
जिला संवाददाता संदिप कुमार
कैमूर (मोहनिया):- जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत अहिनौरा गांव में एक छोटी सी बात ने देखते ही देखते सांप्रदायिक तनाव का रूप ले लिया। महज साइकिल चोरी के संदेह में दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों ओर से हुई भीषण पत्थरबाजी के कारण गांव में घंटों अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थिति पर काबू पाने के लिए भारी पुलिस बल को मोर्चा संभालना पड़ा। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के 14 लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत वशिष्ठ राम नामक व्यक्ति की साइकिल चोरी होने से हुई। वशिष्ठ राम ने संदेह के आधार पर गांव के ही मकबूल मियां के बेटे रोशन पर साइकिल चोरी का आरोप लगाया। इसी आरोप-प्रत्यारोप ने तूल पकड़ लिया और देखते ही देखते दोनों समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए। कहासुनी से शुरू हुआ मामला पत्थरबाजी तक पहुंच गया, जिससे गांव में तनाव व्याप्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया एसडीपीओ प्रदीप कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सूझबूझ का परिचय देते हुए उपद्रवियों को खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रित किया। एसडीपीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है।
अब तक दोनों पक्षों से कुल 14 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल अहिनौरा गांव में शांति व्यवस्था कायम है, लेकिन एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस स्थानीय इनपुट के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान के लिए सर्च अभियान चला रही है। प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।


रिपोर्टर