स्वर्गीय कमलेश कुमार के परिवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से किया गया सम्मानित

कैमूर ।। जिला आज एक साथ गर्व और भावुकता का साक्षी बना। जिले के मोहनिया प्रखंड अंतर्गत जयपुर भदवलिया गांव के निवासी, दिवंगत बालक स्वर्गीय कमलेश कुमार के अद्वितीय साहस, मानवता और परोपकार की भावना को सम्मान देते हुए उनके परिवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (PMRBP) से सम्मानित किया गया।


स्वर्गीय कमलेश कुमार मात्र 11 वर्ष की आयु में दुर्गावती नदी में एक अन्य बच्चे की जान बचाने के प्रयास में अपने प्राणों की आहुति दे बैठे थे। उनका यह अतुलनीय साहस न केवल जिले बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत बन गया। भारत सरकार द्वारा वर्ष 2025 के लिए उन्हें मरणोपरांत (Posthumous) प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार हेतु चयनित किया गया।


पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दिनांक 26 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के गरिमामयी समारोह में यह सम्मान प्रदान किया गया। इसके लिए स्वर्गीय कमलेश कुमार का परिवार  जिला प्रशासन, DPO ICDS एवं DPM महिला एवं बाल विकास निगम, कैमूर की देखरेख में पुरस्कार ग्रहण करने हेतु दिल्ली के लिए प्रस्थान किया था।


इस संबंध में कुमारी प्रियंका राज, जिला परियोजना प्रबंधक सह नोडल पदाधिकारी, PMRBP Award, महिला एवं बाल विकास निगम, कैमूर ने जानकारी दी कि आज नई दिल्ली में आयोजित समारोह में महामहिम राष्ट्रपति महोदय के कर-कमलों द्वारा यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार स्वर्गीय कमलेश कुमार के पिता जी को प्रदान किया गया।


यह सम्मान स्वर्गीय कमलेश कुमार के अदम्य साहस, निःस्वार्थ सेवा और मानवीय मूल्यों का प्रतीक है। उनकी यह वीरता आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा देती रहेगी।


जिला प्रशासन, कैमूर स्वर्गीय कमलेश कुमार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट