भिवंडी में रात में सड़क की अवैध खुदाई की शोरगुल से जनजीवन प्रभावित, ठेकेदार पर मामला दर्ज
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 27, 2025
- 185 views
भिवंडी। भिवंडी शहर में नियमों की अनदेखी कर सार्वजनिक सड़क पर खुदाई कर नागरिकों की शांति भंग करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में भिवंडी शहर पुलिस ने एक ठेकेदार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता एवं महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता पुलिस सिपाही विशाल सोपन कामतकर (32) ने दर्ज शिकायत में बताया है कि 26 दिसंबर 2025 की रात करीब 12.30 बजे से 2.30 बजे के बीच बुद्धविहार, फुलेनगर क्षेत्र में सार्वजनिक सड़क पर अवैध रूप से खुदाई का कार्य किया जा रहा था। यह कार्य बिना किसी अनुमति के किया जा रहा था, जिससे सड़क पर आवाजाही बाधित हुई और आसपास के नागरिकों की रात की नींद में खलल पड़ा।
शिकायत में बताया गया है कि संबंधित ठेकेदार द्वारा भारी मशीनों का इस्तेमाल कर सड़क की खुदाई के दौरान तेज आवाज व शोरशराबा हो रहा है।जिससे सार्वजनिक शांति भंग हुई। साथ ही, इस अवैध कार्य के कारण दो समुदायों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका भी बनी है। जिससे कानून-व्यवस्था की समस्या खड़ी हो सकती थी।
पुलिस ने बताया कि यह कृत्य ठाणे शहर पुलिस के विशेष शाखा द्वारा जारी आदेशों का उल्लंघन है, जिसमें पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने और इस प्रकार की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद बिना अनुमति के कार्य जारी रखा गया।भिवंडी शहर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्टर