डीएम ने की राजस्व समीक्षा बैठक


रोहतास।जिलाधिकारी उदिता सिंह ने समाहरणालय के सभाकक्ष में सभी अंचलाधिकारियों के साथ राजस्व संबंधी समीक्षा बैठक कीं। बैठक में अपर समाहर्ता तथा राजस्व प्रभारी जफर हसन भी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने अंचलवार लंबित राजस्व मामलों की गहन समीक्षा की। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी प्रकार के लंबित मामलों का निष्पादन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों में अनावश्यक विलंब से आम जनता को परेशानी होती है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जायेगा। समीक्षा बैठक में काराकाट अंचल में लंबित मामलों की संख्या अधिक पाये जाने पर जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी को निदेश दिया कि वे लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन हेतु विशेष अभियान चलाकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि काराकाट अंचल की प्रगति की नियमित एवं कड़ी निगरानी की जायेगी।

जिलाधिकारी ने दाखिल-खारिज, परिमार्जन,जमाबंदी सुधार,भूमि विवाद से संबंधित मामलों सहित अन्य राजस्व कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया। इसके अलावे उन्होंने यह भी कहा कि जिले, अनुमंडल,प्रखंड एवं अंचल-स्तर के सभी पदाधिकारी और कर्मी अनिवार्य रूप से बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करना सुनिश्चित करेंगे,क्योंकि उपस्थिति में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जायेगा और नियमानुकूल कार्रवाई की जायेगी। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि प्रशासनिक कार्यों में अनुशासन, जवाबदेही एवं पारदर्शिता बनाये रखना आवश्यक है,क्योंकि आगामी समीक्षा बैठकों में कार्यों की प्रगति की पुनः समीक्षा की जायेगी तथा लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जायेगी।

बैठक में राजस्व कार्यों में तेजी लाने, प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करने और जनहित से जुड़े मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट