जन वितरण प्रणाली में बड़ी धांधली, छह महीने से अंगूठा लगवाकर राशन डकार रहा डीलर
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jan 03, 2026
- 160 views
नाम जुड़वाने के नाम पर 1000 रुपये अवैध वसूली की भी शिकायत
जिला संवाददाता संदीप कुमार के साथ प्रखंड संवाददाता जैनेन्द्र तिवारी की रिपोर्ट
कैमूर-- जिले के कुदरा प्रखंड में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की व्यवस्था सवालों के घेरे में है। नगर पंचायत कुदरा के वार्ड क्रमांक 8, चकिया मोहल्ला के दर्जनों उपभोक्ताओं ने स्थानीय डीलर विजय पासवान पर राशन वितरण में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाया है। उपभोक्ताओं का कहना है कि डीलर पिछले छह महीनों से उनके फिंगरप्रिंट (अंगूठे का निशान) तो लगवा रहा है, लेकिन राशन के नाम पर उन्हें फूटी कौड़ी भी नहीं मिली।
घर-घर जाकर लगवाते हैं अंगूठा, फिर कहते हैं राशन खत्म हो गया
पीड़ित उपभोक्ताओं ने रोष व्यक्त करते हुए बताया कि डीलर विजय पासवान राशन देने के बजाय घर-घर जाकर पॉस मशीन पर उपभोक्ताओं के अंगूठे का निशान ले लेते हैं। जब उपभोक्ता राशन मांगने जाते हैं, तो कुछ लोगों को थोड़ा-बहुत अनाज बांटकर यह कह दिया जाता है कि "ऊपर से राशन कम आया है" या "राशन खत्म हो गया है"। इस तरह पिछले छह महीनों से उपभोक्ताओं के हक का अनाज डकारा जा रहा है।
नाम जोड़ने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप
भ्रष्टाचार की सीमा यहीं खत्म नहीं होती। उपभोक्ताओं ने यह भी सनसनीखेज आरोप लगाया कि राशन कार्ड में नए सदस्य या बच्चे का नाम जोड़ने के एवज में डीलर द्वारा 1000 रुपये प्रति नाम की मांग की जाती है। गरीब तबके के लोगों ने बताया कि सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए उन्हें मजबूरन रिश्वत देने का दबाव बनाया जा रहा है।
भाकपा-माले और ब्लॉक प्रमुख ने उठाई आवाज
उपभोक्ताओं की इस गंभीर समस्या को देखते हुए भाकपा-माले के प्रखंड सचिव मुन्ना राम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने डीलर के इस कृत्य को गरीबों के पेट पर लात मारना करार दिया और प्रशासन से डीलर का लाइसेंस रद्द कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए कुदरा प्रखंड प्रमुख बीरेंद्र राम ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने दूरभाष के माध्यम से जिले के संबंधित वरीय अधिकारियों और आपूर्ति पदाधिकारी को पूरे मामले से अवगत कराया। प्रखंड प्रमुख ने दो टूक शब्दों में कहा कि गरीबों के हक की हकमारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी
जांच के घेरे में विभाग
इस मामले के सामने आने के बाद अब स्थानीय प्रशासन और आपूर्ति विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर छह महीने से चल रही इस धांधली की भनक अधिकारियों को क्यों नहीं लगी? फिलहाल, उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उन्हें बकाया राशन नहीं मिला और डीलर पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।


रिपोर्टर