भिवंडी में ‘प्रेस इंडिया 18’ लिखी इनोवा से अवैध शराब जब्त, पालिका के भरारी पथक की बड़ी कार्रवाई
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jan 12, 2026
- 116 views
भिवंडी। भिवंडी शहर में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका के भरारी पथक ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘प्रेस इंडिया 18’ लिखी हुई एक इनोवा कार से भारी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की है। यह कार्रवाई दावत चौक स्थित भंडारी कंपाउंड इलाके में की गई। मामले में नारपोली पुलिस थाने में महाराष्ट्र मद्य निषेध कानून के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10:40 बजे भरारी पथक को गुप्त सूचना मिली थी कि एक इनोवा कार के माध्यम से अवैध रूप से शराब की ढुलाई की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पालिका के सहायक आयुक्त (प्रभाग समिति-4) गिरीश घोष्टेकर के नेतृत्व में भरारी पथक ने संबंधित इलाके में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रॉयल चैलेंज कंपनी की 20 बोतलें और 45 बोतल देशी शराब बरामद हुईं। जब्त की गई शराब की कुल कीमत लगभग 8,600 रुपये आंकी गई है। संबंधित इनोवा कार का पंजीकरण क्रमांक एमएच-04 जेडी-1100 बताया गया है, जिस पर बड़े अक्षरों में ‘प्रेस इंडिया 18’ लिखा हुआ था। इसी वजह से यह मामला और भी संवेदनशील व गंभीर माना जा रहा है। भरारी पथक ने मौके पर ही शराब, वाहन और उससे जुड़े दस्तावेज जब्त कर पूरे मामले को नारपोली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर यह जांच शुरू कर दी है कि वाहन का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था, वाहन पर ‘प्रेस’ लिखे होने का वास्तविक कारण क्या है, और क्या इसके पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर में इस तरह ‘प्रेस’ लिखी हुई करीब 200 से अधिक गाड़ियां बेरोकटोक घूमती नजर आती हैं। लोगों ने आशंका जताई है कि कहीं इन वाहनों का इस्तेमाल देशी शराब के साथ-साथ एमडी ड्रग्स, गांजा, कफ सिरप और गुटखा जैसी अवैध वस्तुओं की सप्लाई के लिए तो नहीं किया जा रहा। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी सभी संदिग्ध गाड़ियों की गहन जांच की जाए ताकि अवैध धंधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वाहन पर ‘प्रेस’ लिखकर कानून से बचने का प्रयास तो नहीं किया जा रहा था।


रिपोर्टर