भिवंडी मनपा चुनाव आज - 90 वार्डों के लिए मतदान, 438 उम्मीदवार मैदान में
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jan 14, 2026
- 86 views
भिवंडी। भिवंडी निज़ामपुर शहर महानगरपालिका के आम चुनाव के तहत आज शहर के 90 वार्डों में मतदान कराया जा रहा है। इस चुनाव में विभिन्न राष्ट्रीय, राज्यस्तरीय व स्थानीय दलों के साथ-साथ बड़ी संख्या में निर्दलीय उम्मीदवार भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। कुल मिलाकर 438 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जिससे कई वार्डों में मुकाबला त्रिकोणीय से बहुकोणीय हो गया है।
भाजपा ने 32 प्रत्याशी उतारे, 6 निर्विरोध विजयी....
पिछले मनपा चुनाव में 57 सीटों पर चुनाव लड़कर 19 सीटें जीतने वाली भारतीय जनता पार्टी ने इस बार 32 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। इनमें से 6 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। भाजपा ने चुनिंदा वार्डों में मजबूत दावेदारी पेश की है।
कांग्रेस के सबसे ज्यादा 58 उम्मीदवार....
पिछले चुनाव में 64 सीटों पर लड़कर 47 सीटें जीतने वाली कांग्रेस ने इस बार सबसे अधिक 58 प्रत्याशी उतारे हैं। पार्टी ने लगभग सभी प्रमुख वार्डों में उम्मीदवार खड़े कर संगठनात्मक ताकत दिखाने की कोशिश की है।
शिवसेना, एनसीपी के दोनों गुट भी सक्रिय...
शिवसेना के विभाजन के बाद शिवसेना (शिंदे गुट) ने 20 और शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) ने 28 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। इसी तरह एनसीपी के दोनों गुटों में एनसीपी (अजित पवार) के 24 और एनसीपी (शरद पवार) के 37 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
सपा, एमआईएम और अन्य दलों की भी मजबूत मौजूदगी...
समाजवादी पार्टी ने इस बार 54 उम्मीदवारों के साथ जोरदार उपस्थिति दर्ज कराई है।
एआईएमआईएम ने 16, आरपीआई (एकतावादी) ने 8, वंचित बहुजन आघाड़ी ने 9, जयहिंद सेना ने 5, आम आदमी पार्टी ने पहली बार 7 उम्मीदवार, मनसे ने 2, जबकि कोणार्क विकास आघाड़ी और भिवंडी विकास आघाड़ी ने 4-4 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। इसके अलावा पीस पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और लोकहिंद पार्टी भी सीमित सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं।
निर्दलीयों की बड़ी चुनौती....
इस चुनाव की खास बात निर्दलीय उम्मीदवारों की भारी संख्या है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 23 वार्डों में कुल 121 निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं। पिछले चुनाव में 169 निर्दलीय उम्मीदवारों में से केवल 2 ही जीत दर्ज कर पाए थे, लेकिन इस बार भी निर्दलीय कई वार्डों में प्रमुख दलों का गणित बिगाड़ सकते हैं।
कई वार्डों में बहुकोणीय मुकाबला...
वार्ड 7, 8, 9, 16, 20 और 22 जैसे वार्डों में उम्मीदवारों की संख्या अधिक होने से मुकाबला काफी रोचक हो गया है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार वोटों के बंटवारे का सीधा फायदा मजबूत स्थानीय पकड़ वाले उम्मीदवारों को मिल सकता है.आज होने वाले मतदान के बाद सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी होंगी, जो यह तय करेगी कि भिवंडी मनपा की सत्ता पर किस दल या गठबंधन का कब्जा होगा।


रिपोर्टर