परैया थाना में शांति समिति की बैठक, गणतंत्र दिवस व सरस्वती पूजा को लेकर दिए गए सख्त निर्देश
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jan 21, 2026
- 9 views
ब्यूरो चीफ गया जी की रिपोर्ट
गया-- जिला के परैया थाना परिसर में बुधवार को आगामी गणतंत्र दिवस और सरस्वती पूजा के पावन अवसर पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए अंचल अधिकारी केशव किशोर ने जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरस्वती पूजा के आयोजन हेतु पूजा समितियों को प्रशासन से अनिवार्य रूप से लाइसेंस लेना होगा। बिना अनुमति डीजे बजाने, सार्वजनिक पंडाल निर्माण तथा विसर्जन जुलूस में डीजे के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही अश्लील एवं भड़काऊ गानों पर सख्त रोक रहेगी, उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों में झंडोत्तोलन के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे।
बैठक में परैया खुर्द पंचायत के मुखिया सुनील कुमार दाँगी, हम (से.) के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव राजेश पाण्डेय, प्रमुख जितेन्द्र नारायण, सरपंच महेंद्र यादव, पूर्व मुखिया उपेंद्र सिंह, नौशाद मलिक, एसआई प्रशांत कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि व पूजा समिति के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।


रिपोर्टर