आन बान शान से लहराया तिरंगा
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jan 27, 2026
- 27 views
रोहतास। जिले में आन-बान-शान से 77वें गणतंत्र-दिवस पर राष्ट्रीय-ध्वज फहराया गया। जिला प्रशासन द्वारा मुख्य कार्यक्रम फजलगंज के न्यू स्टेडियम में आयोजित किया गया, जहाँ बिहार सरकार के शिक्षामंत्री-सह-रोहतास के प्रभारी मंत्री सुनील कुमार ने राष्ट्रीय-ध्वज फहराया। मंत्री ने अपने संबोधन में बिहार सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं को विस्तार से बताया और इसे जमीन पर उतारने तथा रोहतास के लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने में जिला पदाधिकारी उदिता सिंह के योगदान को बखूबी सराहा। इस मौके पर जिले के विभिन्न विभागों की ओर से अनेक संदेशात्मक झाँकियाँ निकाली गयीं, जिसकी प्रशंसा मंत्री ने मुक्त-कंठ से की। मुख्य कार्यक्रम के बाद जिला पदाधिकारी ने समाहरणालय में,उप विकास आयुक्त विजय कुमार पाण्डेय ने विकास-भवन पर,जिला परिवहन पदाधिकारी ने परिवहन-परिसर,अनुमंडल पदाधिकारी डॉ0 नेहा कुमारी ने अनुमंडल-परिसर,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 दिलीप कुमार ने अनुमंडल पुलिस-परिसर,जिला परिषद में परिषद अध्यक्ष तथा नगर निगम में चेयरमैन काजल कुमारी ने भी राष्ट्रीय-ध्वज फहराया तथा झंडे की सलामी ली। इसके अलावे चेनारी प्रखंड के बसन्तपुर के स्व0 बहादुर पाण्डेय के पोखरा और मंदिर-परिसर में समाजसेवी रामपुकार पाण्डेय उर्फ मान बाबा,रोहतास महिला कॉलेज में प्रधानाचार्य डॉ0 राजेंद्र प्रसाद सिंह, एसपी जैन कॉलेज में प्रधानाचार्य डॉ0 नवीन कुमार सहित अन्य सरकारी, गैर-सरकारी तथा शिक्षण-संस्थानों में उनके प्रमुखों द्वारा राष्ट्रीय-ध्वज फहराया गया। इस मौके पर जिला प्रशासन द्वारा शाम में मल्टीपर्पस हॉल में सांस्कृतिक-कार्यक्रम का आयोजन किया गया,जिसमें जिले के अनेक विद्यालयों के बच्चों ने भाग लेकर सांस्कृतिक-संध्या को मनभावन एवं मनमोहक बना दिया।


रिपोर्टर