सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बढ़ता है साइबर फ्रॉड का खतरा — कलेक्टर डॉ. मिश्रा

राजगढ़ । कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्‍ट्रेट सभागार में इंटरनेट सुरक्षा दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एनआईसी,  ई-गवर्नेंस द्वारा विभिन्न साइबर फ्रॉड मामलों पर चर्चा की गई तथा उनकी रोकथाम हेतु आवश्यक उपाय बताए गए। बैठक में डिजिटल अरेस्ट, यूपीआई एवं नेट बैंकिंग पासवर्ड की सुरक्षा को लेकर सावधानियों की जानकारी दी गई। साइबर ठगी की स्थिति में 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर एवं नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।

बैठक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग पर भी चर्चा की गई। एआई के स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, शॉपिंग और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों में उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही इसके दुरुपयोग, प्राइवेसी से जुड़े जोखिम और त्रुटियों को संभावित खतरे बताया गया। यह भी बताया गया कि एआई लर्निंग पर आधारित होता है, इसलिए सही परिणाम हेतु सही इनपुट आवश्यक है। कलेक्‍टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि सोशल मीडिया पर जितनी अधिक व्‍यक्तिगत जानकारी साझा की जाती हैं, व्‍यक्ति उतना ही अधिक साइबर फ्राड के प्रति संवेदनशील हो जाता है उन्‍होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी वेबसाइट या ऐप की प्रमाणिाकता जांचे बिना कोई जानकारी साझा न करें। इस अवसर पर बुजुर्गों एवं बच्चों को साइबर फ्रॉड से बचाव हेतु विशेष रूप से जागरूक करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान “साइबर जागृत भारत नागरिक शपथ” भी दिलाई गई, जिसमें उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, निजी जानकारी की सुरक्षा करने तथा साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने का संकल्प लिया।

साथ ही फर्जी एस्ट्रोलॉजी (ज्योतिष) ऐप्स से सावधान रहें। ऐसे ऐप्स या वेबसाइट्स पर अपनी व्यक्तिगत अथवा वित्तीय जानकारी साझा न करें, इससे साइबर ठगी की आशंका रहती है। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को साइबर सुरक्षा एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर अपर कलेक्‍टर श्री प्रताप सिंह चौहान, डिप्‍टी कलेक्‍टर सुश्री ज्‍योति राजोरे, जिला प्रबंधक ई-गर्वेनेंस श्री अभिषेक रघुवंशी, जिला सूचना अधिकारी श्री एस.बी. पाटीदार सहित संबंधित विभागीय अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट