सरेआम चाकू से गोदकर युवक की हत्या, गांव में सनसनी घर से कुछ दूरी पर लहूलुहान हालत में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Feb 22, 2026
- 296 views
बरसठी, जौनपुर। जनपद के बरसठी थाना क्षेत्र के जमुनीपुर गांव में रविवार दोपहर एक युवक की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दिए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल बना रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बरसठी थाना क्षेत्र के जमुनीपुर निवासी राजेश कुमार शुक्ला के पुत्र शिवम शुक्ला (25 वर्ष) चार भाइयों और तीन बहनों में शामिल थे। रविवार लगभग दोपहर 12व 1बजे शिवम शुक्ला घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि गांव के प्राइमरी स्कूल के पास बैठे युवक को कुछ लोग बहाने से जमुनीपुर रोड की ओर स्थित बगीचे में ले गए, जो उसके घर से लगभग 300–500 मीटर दूरी पर है।
आरोप है कि वहां हमलावरों ने युवक के सीने और पेट में ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक किसी तरह जान बचाकर घर की ओर भागा, लेकिन रास्ते में ही सड़क किनारे गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी गांव के ही एक युवक द्वारा मृतक के पिता को दी गई, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। सरेराह खून से लथपथ शव देख गांव में हाहाकार मच गया।
सूचना मिलते ही बरसठी थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं परमानंद कुशवाहा, सीओ सदर सहित मड़ियाहूं, रामपुर, मीरगंज, नेवढ़िया और सुरेरी थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। एसओजी प्रभारी दिव्य प्रकाश सिंह भी जांच के लिए मौके पर पहुंचे।
इसी दौरान मृतक की बहन ज्योति ने पुलिस को बताया कि एक दिन पूर्व गांव का ही एक युवक घर पर आकर उसके भाई को जान से मारने की धमकी दे रहा था। शक के आधार पर पुलिस ने मगरूमू गांव निवासी एक युवक के घर दबिश दी। हालांकि आरोपी घर पर नहीं मिला, लेकिन तलाशी के दौरान मिले कपड़ों पर खून जैसे निशान मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने परिजनों को संदिग्ध युवक को तत्काल बुलाने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी है और हत्याकांड के खुलासे के लिए कई टीमों को लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद पूरे जमुनीपुर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है तथा ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। पुलिस गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त कर रही है।


रिपोर्टर