पेट्रोल डीजल की कमी की अफवाहों से रहे सावधान
- रिंकू गुप्ता वाराणसी रिपोर्टर
- Mar 09, 2026
- 19 views
वाराणसी । देश के विभिन्न हिस्सों में सोशल मीडिया पर पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही खबरों को पूरी तरह से निराधार और भ्रामक बताया गया है। तेल कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि देश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा आपूर्ति और वितरण की व्यवस्था सामान्य रूप से सुचारु रूप से संचालित हो रही है।
देश की प्रमुख तेल विपणन कंपनी Indian Oil Corporation (इंडियनऑयल) ने इस संबंध में स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा है कि कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर गलत सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। कंपनी ने कहा कि देशभर के डिपो और पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और कहीं भी आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा नहीं है। इंडियनऑयल के अनुसार रिफाइनरी और डिपो में पेट्रोल तथा डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। कंपनी की ओर से नियमित रूप से सप्लाई चेन की निगरानी की जा रही है और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त स्टॉक बनाए रखने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अधिकारियों ने बताया कि ईंधन की आपूर्ति की पूरी व्यवस्था सामान्य रूप से चल रही है और सभी पेट्रोल पंपों तक नियमित रूप से टैंकरों के माध्यम से ईंधन पहुंचाया जा रहा है।
तेल कंपनियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना आवश्यकता पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं। घबराहट में ईंधन की अनावश्यक खरीदारी करने से अस्थायी दबाव बन सकता है, जबकि वास्तविकता में देश में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। कंपनी ने यह भी कहा कि नागरिक केवल आधिकारिक स्रोतों और विश्वसनीय माध्यमों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें। गलत और अपुष्ट खबरों को आगे साझा करने से बचें, ताकि समाज में अनावश्यक भ्रम और अफरा-तफरी की स्थिति पैदा न हो। इंडियनऑयल ने भरोसा दिलाया है कि देशभर में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी रहेगी और ईंधन की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। सरकार और तेल कंपनियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, जिससे आम नागरिकों को ईंधन की आपूर्ति बिना किसी रुकावट के मिलती रहे।


रिपोर्टर