शिक्षा के निजीकरण के खिलाफ छात्र-नौजवानों का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा मांगपत्र


संवाददाता पारसनाथ दुबे


डिहरी रोहतास। भगत सिंह छात्र नौजवान सभा से संबद्ध ऑल इंडिया स्टूडेंट यूथ ऑर्गेनाइजेशन (AISYO) के बैनर तले जिले भर के छात्र-नौजवानों ने जिला कलेक्ट्रेट गेट के समक्ष प्रदर्शन किया। इससे पूर्व सभी छात्र कुशवाहा सभा भवन में एकजुट हुए और वहां से रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां सभा आयोजित कर अपनी मांगों को लेकर जोरदार आवाज उठाई।

छात्र-नौजवानों ने आरोप लगाया कि केंद्र व राज्य सरकार शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में दोहरी व्यवस्था लागू कर रही है, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से बाजारीकरण और निजीकरण किया जा रहा है, जो देश के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

भाकपा माले जिला सचिव कामरेड अशोक बैठा ने कहा कि निजी स्कूल और कॉलेजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और संचालकों द्वारा मनमाने तरीके से फीस वसूली की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एडमिशन, किताब, यूनिफॉर्म, मेंटेनेंस और अन्य मदों के नाम पर अभिभावकों से भारी रकम ली जा रही है।

सभा को संबोधित करते हुए राज्य कमेटी सदस्य राहुल सम्राट ने कहा कि जब देश में प्रतियोगी परीक्षाएं एक समान स्तर पर आयोजित होती हैं, तो शिक्षा व्यवस्था भी समान होनी चाहिए। उन्होंने “एक राष्ट्र, एक समान शिक्षा नीति” लागू करने की मांग की।

जिला अध्यक्ष अब्दुल रज्जाक ने सभी के लिए मुफ्त शिक्षा और चिकित्सा व्यवस्था लागू करने की मांग करते हुए कहा कि महंगी शिक्षा-चिकित्सा व्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रदर्शन के बाद छात्र-नौजवानों ने जिलाधिकारी, रोहतास को 15 सूत्री मांगपत्र सौंपा। प्रमुख मांगों में एक समान शिक्षा नीति लागू करना, शिक्षा व चिकित्सा के निजीकरण पर रोक, निजी कोचिंग संस्थानों पर नियंत्रण, एनसीईआरटी व बीएसईबी पाठ्यक्रम को अनिवार्य करना, निजी विद्यालयों की जांच, गरीब छात्रों के नामांकन की समीक्षा तथा सभी निजी शिक्षण संस्थानों को सरकारी घोषित करने जैसी मांगें शामिल हैं।

इसके अलावा, छात्रों की सुविधाओं, सुरक्षा, शिक्षकों की गुणवत्ता जांच और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए समीक्षा समिति गठन की भी मांग की गई।

सभा में बड़ी संख्या में छात्र-नौजवान उपस्थित रहे, जिन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट